बहराइच: बच्चों के विवाद में दो पक्ष भिड़े, जमकर चले ईंट-पत्थर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर बलवा फैलाने समेत अन्य धाराओं में दर्ज किया मुकदमा

बहराइच, अमृत विचार। जिले के बंजरिया गांव में बच्चों के विवाद में शुक्रवार रात में बड़े भिड़ गए। दोनों पक्षों के लोगों ने ईंट और पत्थर एक दूसरे पर फेंके। विवाद में खुन्नस रखे लोगों ने शनिवार को दोबारा मारपीट शुरू कर दी। पुलिस पर भी हमलावर हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर 10 लोगों के विरुद्ध बलवा फैलाने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बंजरिया पेरा गांव निवासी अनिल कुमार और मुन्नालाल के बच्चों के बीच शुक्रवार शाम को झगड़ा हुआ। बच्चों ने अपने घर जाकर विवाद के बारे में बताया। रात में बच्चों के विवाद को लेकर बड़े लोग आमने सामने आ गए। दोनों पक्ष के लोगों ने मारपीट शुरू कर दी। एक दूसरे पर दोनों पक्ष से जमकर पथराव हुआ। जिसको जो मिला उठाकर दे मारा। पुलिस के पहुंचने पर मामला शांत हुआ। लेकिन विवाद से खुन्नस खाए लोगों ने शनिवार सुबह पुनः मारपीट शुरू कर दी। एक दूसरे से मारपीट करते हुए ईंट फेंके। 

सूचना पाकर पुलिस पहुंची तो दबंग पुलिस पर भी हमलावर हो गए। महिला सिपाहियों की मदद से सभी को काबू में किया गया। प्रभारी निरीक्षक श्याम देव चौधरी ने बताया कि दोनों पक्षों से छह लोग घायल हुए हैं। दोनों पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने डाक्टरी के बाद मुकदमा दर्ज किया है। प्रथम पक्ष से अनिल कुमार पुत्र महराज बली  की तहरीर पर पुनीत, लाला ,मुन्नालाल  पुत्र लाल बचन व संजय पुत्र वेद प्रकाश के विरुद्ध बलवा फैलाने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। जबकि दूसरे पक्ष मुन्नालाल पुत्र लाल वचन की तहरीर पर अनिल कुमार ,भुलावन  पुत्रगण महराज बली व ओम प्रकाश पुत्र बेचू दयाल के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया है। 

शनिवार की सुबह दोनों पक्ष अनिल कुमार पुत्र महराज बली, रामशंकर पुत्र बजरंग बली ,महेश पुत्र शिव कुमार व नरेंद्र पुत्र जगदम्बा व लाल बचन पुत्र बाबूराम ,लालता ,पुनीत पुत्रगण लाल बचन ,व परमहंस पुत्र शत्रुघन सहित तमाम ग्रामीण महिला पुरुष एक दूसरे पर ईंट पत्थर बरसाने लगे। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है दंगा करने वाले दर्जनों लोगों  के विरुद्ध शांतिभंग की कार्यवाही कर दी गई है।

ये भी पढ़ें -बहराइच: महज 30 सेकंड में बाइक लेकर हुआ फरार, चोरी की वारदात CCTV में कैद - देखें Video 

संबंधित समाचार