Kanpur: हिस्ट्रीशीटर अजय ठाकुर की शह पर किशोरी के परिजनों पर दबाव बनाता था आरोपी, चौंकाने वाले बयान आए सामने
कानपुर में हिस्ट्रीशीटर अजय ठाकुर की शह पर आरोपी किशोरी के परिजनों पर दबाव बनाता था।
कानपुर में हिस्ट्रीशीटर अजय ठाकुर की शह पर आरोपी विनय ठाकुर किशोरी के परिजनों पर दबाव बनाता था। आरोपी तीन साल से किशोरी के साथ ज्यादती कर रहा था। हिस्ट्रीशीटर के भय के कारण पुलिस के पास पीड़िता नहीं जा रही थी।
कानपुर, अमृत विचार। हिस्ट्रीशीटर की शह पर आरोपी किशोरी के साथ लगातार दिन साल तक दुष्कर्म व ब्लैकमेल करने की धमकी देता रहा। परिजनों के मामला संज्ञान में आने के बाद भी आरोपी ने हिस्ट्रीशीटर के सहयोग से परिजनों को डराया धमकाया। जिस कारण किशोरी व परिजन पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराने नहीं गए। किशोरी व परिजनों के बयान के बाद ये नए तथ्य सामने आए है। साथ ही हिस्ट्रीशीटर व अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
बर्रा थानाक्षेत्र के कर्रही रोड पर स्थित एमजी कैफे (हुक्काबार) में किशोरी के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी विनय ठाकुर व हुक्काबार संचालक शोभित पाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं मामले में हिस्ट्रीशीटर अजय ठाकुर समेत अन्य आरोपित पुलिस की पकड़ से अभी तक दूर हैं। शनिवार को किशोरी व उसके परिजनों के बयान के आधार पर चौंकाने वाले खुलासे सामने आए। किशोरी व परिजनों ने बयान में बताया कि तीन साल पहले विनय ने किशोरी के साथ इंस्टाग्राम में दोस्ती कर उसके साथ दुष्कर्म किया और किशोरी का अश्लील वीडियो बना लिया।
कुछ समय बाद विनय किशोरी को अश्लील वीडियो भेज कर पैसों की मांग करने लगा था। मामला परिजनों के संज्ञान में आने के बाद विनय ने हिस्ट्रीशीटर अजय ठाकुर के साथ मिलकर परिजनों को धमकाया था, जिसके भय से परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस से नहीं की। परिजनों ने पुलिस को दर्ज कराए अपने बयान में बताया विनय हिस्ट्रीशीटर की शह पर लगातार तीन साल किशोरी के साथ ज्यादती कर रहा था और आए दिन पैसों की डिमांड करता था, जिसे न पूरी करने पर अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देता था।
डीसीपी साउथ सलमान ताज पाटिल ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना वाले दिन हिस्ट्रीशीटर अजय ठाकुर हुक्काबार में तो नहीं मौजूद था, लेकिन हिस्ट्रीशीटर लगातार तीन साल से विनय के साथ मिलकर किशोरी को प्रताड़ित कर रहा था। हिस्ट्रीशीटर के भय के कारण ही किशोरी पुलिस के पास शिकायत करने नहीं जा रही थी। उन्होंने बताया कि मामले में यह भी जांच की जा रही है कि किस कारण से किशोरी को तीन साल से प्रताड़ित किया जा रहा था। जांच में जो भी नाम सामने आएंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
