बरेली: प्रभारी मंत्री का दौरा निरस्त, जिला योजना समिति की बैठक टली
बरेली, अमृत विचार। वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए बनी जिला योजना समिति की बैठक एक बार फिर टल गई है। जिला योजना के तहत 50 से ज्यादा विभागों ने करीब 540 करोड़ रुपये के प्रस्ताव तैयार किए थे। जिला अर्थ एवं संख्या विभाग की ओर से इसकी सूची तैयार कर ली गई थी। 13 मार्च को जिला योजना समिति की बैठक जिले के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में होनी थी। शनिवार देर शाम प्रभारी मंत्री के निजी सचिव शीतला दीन ने मंडलायुक्त को बैठक निरस्त करने का पत्र भेजा। इससे अफसरों की ओर से की जा रहीं तैयारियां धरी रह गईं।
वित्तीय वर्ष 2021-22 में करीब 530 करोड़ रुपये की जिला योजना मंजूर हुई थी। इसमें बेसिक शिक्षा, उच्च शिक्षा, खेलकूद एवं युवा कल्याण, पीडब्ल्यूडी और सहकारिता समेत तमाम विभागों को बजट दिया गया था, लेकिन वित्तीय वर्ष में प्रभारी मंत्रियों के बार-बार बदलने की वजह से बैठक नहीं हो पाई थी। तीन दिन पूर्व पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के जिला योजना की बैठक में शामिल होना निश्चित होने के बाद तैयारियां तेज कर दी गई थीं।
इस वित्तीय वर्ष की जिला योजना के लिए डीआरडीए, समाज कल्याण, माध्यमिक शिक्षा, बेसिक शिक्षा, उच्च शिक्षा, खेलकूद एवं युवा कल्याण, पीडब्ल्यूडी, सहकारिता, सिंचाई, लघु सिंचाई, पिछड़ा वर्ग कल्याण, पशुपालन विभाग, नगर निगम समेत 45 से ज्यादा विभागों ने करीब 540 करोड़ के प्रस्ताव दिए थे। माना जा रहा वित्तीय वर्ष के अंतिम दिनों में प्रभारी मंत्री इसका अनुमोदन करेंगे। दो दिन पहले अचानक बैठक निरस्त करने से एक बार फिर विभागों को झटका लगा है।
यह भी पढ़ें- बरेली: अफसरों के आदेश पर भी टालती रही पुलिस, नहीं रुकी अवैध तोड़फोड़
