बरेली: आलू का समर्थन मूल्य तय होने से मिलेगी राहत, हैफेड संस्था किसानों से सीधे करेगी खरीद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। प्रदेश सरकार ने आलू की गिरती कीमतों से बढ़ती किसानों की मुश्किल को देखते हुए 650 रुपये प्रति क्विंटल की दर से आलू खरीदने और जिले में आलू क्रय केंद्र स्थापित कर खरीद शुरू करने के निर्देश दिए हैं। सरकार के इस निर्णय से जिले के आलू उत्पादक किसान खुश हैं क्योंकि अब तक आलू की कम कीमतों के चलते उनको लागत निकालना मुश्किल हो गया था। वर्तमान में जिले की सब्जी मंडियों में थोक विक्रेता 450 से लेकर 550 रुपये प्रति क्विंटल की दर से आलू बेच रहे थे।

जिले में इस बार सात हजार हेक्टेयर रकबे में करीब पांच हजार किसान आलू की खेती की है। इस बार मौसम व परिस्थितियां अनुकूल रहने से उत्पादन अच्छा मिला इसलिए आलू अधिक होने से बाजार में दाम गिरकर 450 से 550 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गए थे। इससे परेशान किसान लगातार सरकार से कोई हल निकालने की मांग कर रहे थे। इसी के चलते सरकार ने शुक्रवार को 650 रुपये में आलू खरीद करने का निर्णय लिया। हालांकि कुछ किसान इस कीमत को भी संकट से उबारने में सहायक नहीं बता रहे हैं।

सरकार जिस दाम पर आलू खरीदेगी वह कम है। सरकार को 800 रुपये में आलू खरीद करनी चाहिए तो किसान को राहत मिलेगी--- मुकेश, पुरनापुर।

इस साल आलू का उत्पादन अच्छा हुआ। जिसके चलते दाम कम हो गए हैं। आलू की खेती इस पर घाटे का सौदा साबित हो रही है। खुली मंडी में इसका दाम काफी कम है। निश्चित ही सरकार के आलू खरीद को लेकर लिया गया निर्णय सराहनीय साबित होगा---अनिल, सारीपुर।

हैफेड संस्था आलू की खरीद करेगी। कोल्ड स्टोरों में भंडारण की पर्याप्त क्षमता है। किसानों को परेशान होनी की जरूरत नहीं है। सरकार के आदेश को अमल में लाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है--- पुनीत पाठक, जिला उद्यान अधिकारी।

आंकड़ों में समझें-

  • जिले में आलू का रकबा सात हजार हेक्टेयर।
  • जिले में आलू उत्पादक किसान पांच हजार।
  • कोल्ड स्टोर की संख्या 26
  • कोल्ड स्टोर में आलू भंडारण की क्षमता 1.28 लाख एमटी।
  • 75 फीसदी आलू को हो चुका है भंडारण।

यह भी पढ़ें- बरेली: महिला यूट्यूबर के साथ डॉक्टर ने की छेड़छाड़, रिपोर्ट दर्ज

संबंधित समाचार