बरेली: बीईओ परीक्षा को 50 केंद्र बनाए, 23232 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा
बरेली, अमृत विचार। इस बार खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) पद के लिए 16 अगस्त को होने वाली परीक्षा कोविड नियमों के साथ शांतिपूर्वक संपन्न कराना पुलिस प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा में 14800 परीक्षार्थी ही शामिल हुए थे तो सोशल डिस्टेसिंग तार-तार हो गई थी। जबकि बीईओ परीक्षा …
बरेली, अमृत विचार। इस बार खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) पद के लिए 16 अगस्त को होने वाली परीक्षा कोविड नियमों के साथ शांतिपूर्वक संपन्न कराना पुलिस प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा में 14800 परीक्षार्थी ही शामिल हुए थे तो सोशल डिस्टेसिंग तार-तार हो गई थी। जबकि बीईओ परीक्षा में 23232 परीक्षार्थी बैठेंगे। ऐसी स्थिति में कोविड नियमों का पालन कराना बड़ा मुश्किल होगा है। हालांकि प्रशासन ने परीक्षा सोशल डिस्टेंसिंग से कराने की तैयारी पूरी कर ली है।
जनपद के 50 केंद्रों पर हो रही परीक्षा के लिए 50 स्टेटिक मजिस्ट्रेट और 17 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं। इसके साथ 50 ही केंद्र व्यवस्थापकों के साथ अन्य कर्मचारी परीक्षा केंद्रों में मुस्तैद रहेंगे। परीक्षा दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक होगी। परीक्षा देने के लिए कई जनपदों के परीक्षार्थी बरेली आएंगे। 23232 परीक्षार्थियों के साथ परिवार के एक-दो अन्य सदस्य भी आएंगे। कोविड काल में इतनी बड़ी संख्या में लोगों के एकत्र होने पर संक्रमण फैलने का भी डर है। इस बार नियम और कड़े कर दिए हैं।
थर्मल स्क्रीनिंग किए बगैर परीक्षार्थी को केंद्र में न आने दें
अपर जिलाधिकारी नगर महेंद्र कुमार सिंह ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बीईओ परीक्षा के संबंध में सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेट के साथ केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक की। परीक्षा के नोडल अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने सभी को निर्देश दिए कि परीक्षा देने के लिए जो भी परीक्षार्थी आएंगे, उनकी थर्मल स्क्रीनिंग ठीक से करें ताकि कोरोना संदिग्ध केंद्र तक न पहुंचे। परीक्षा के सभी केंद्रों की कुर्सियों व टेबलों को सैनेटाइज करा लें। मास्क और सैनेटाइजर उपलब्ध रखें। हर हाल में कोविड नियमों का पालन कराते हुए परीक्षा करानी है। परीक्षार्थियों को इंट्री देते और परीक्षा देकर बाहर आते समय अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने बगैर मास्क के आने वाले परीक्षार्थियों को तत्काल मास्क उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। केंद्रों पर पुलिस व्यवस्था के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं।
कन्टेनमेंट जोन में आए कई केंद्र, परीक्षार्थी व कर्मचारी को आने-जाने की छूट
अपर जिलाधिकारी नगर महेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बीईओ परीक्षा के कई केंद्र कन्टेनमेंट जोन में आ गए हैं। ऐसे में परीक्षार्थियों के साथ ही परीक्षा केंद्रों पर ड्यूटी करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को कन्टेनमेंट जोन में आने-जाने की छूट रहेगी। पुलिस को इस संबंध में चिट्ठी जारी कर दी गई है।
केंद्र व्यवस्थापकों ने उठाया इलाज न मिलने का मुद्दा
कई परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों ने परीक्षार्थी की तबीयत खराब होने पर इलाज न मिलने का मुद्दा उठाया है। उन्होंने बीएड परीक्षा का जिक्र करते हुए बताया कि एक केंद्र में परीक्षार्थी की तबीयत बिगड़ गई थी। प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग के अफसरों के साथ कंट्रोल रूम में भी फोन किए लेकिन तत्काल मदद नहीं मिली। ऐसी लापरवाही परीक्षार्थी की जान संकट में डाल सकती है। केंद्र व्यवस्थापकों ने बीईओ परीक्षा के समय प्रशासन से स्वास्थ्य टीम को सक्रिय रहने के निर्देश देने की मांग की है।
