लाभार्थी को योजना का लाभ दिलाएंगी एक लाख कमल मित्र, नौ हजार को सुषमा स्वराज सम्मान: श्रीनिवासन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या, अमृत विचार। भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वानथी श्रीनिवासन ने कहा कि भाजपा सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं को लाभार्थियों तक पहुंचाने तथा उनका लाभ दिलाने के लिए कार्यकर्ताओं में से अभी एक लाख कमल मित्र का चयन किया जा रहा है। साथ ही अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को लेकर अपनी बदौलत उल्लेखनीय काम करने वाली पूरे देश में नौ हजार महिलाओं को सुषमा स्वराज सम्मान दिया जाएगा। जिसके चयन के लिए समिति नामों को अंतिम रूप देने की कवायद में जुटी है। 

महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शिरकत करने पहुंची श्रीनिवासन रविवार को मीडिया से मुखातिब थीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार महिलाओं के सम्मान, स्वावलंबन व आत्मनिर्भरता को लेकर तमाम योजनाएं संचालित कर रही है। इन योजनाओं की पात्र लाभार्थियों को जानकारी देने तथा उसका लाभ दिलाने के लिए मोर्चा की ओर से एक पखवाड़े तक ऑनलाइन कमल मित्र प्रोग्राम शुरू किया गया है।

परीक्षा के बाद चयनित कार्यकर्ता को महिला को कमल मित्र का दर्जा दिया जाएगा। अभी प्रदेश स्तर पर संचालित इस योजना को आगे मंडल, जिला आदि तक बढ़ाया जाएगा। साथ ही सामाजिक, आर्थिक तथा अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट व उल्लेखनीय कार्य से अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाली देश की 900 जिलों में प्रति जिले से 10-10 महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के तहत सुषमा स्वराज सम्मान दिया जाना है। जिसके चयन के लिए गठित समिति नामों को अंतिम रूप देने में जुटी है।

देश के 100 स्मार्ट शहरों में 15 श्रेणियों में पहचान कर उनको संबंधित क्षेत्र की विस्तृत जानकारी देकर 5 से 10 हजार स्मार्ट लीडर तैयार की जाएंगी। मिलेट वर्ष के तहत महिला मोर्चा ने संबंधित किसान, दुकानदार से संवाद व संपर्क के साथ जगह-जगह फूड फेस्टिवल के आयोजन का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि पार्टी ने निकाय चुनाव में 50 फीसदी पद महिलाओं के लिए आरक्षित किया है। निकायों में विभिन्न पदों पर चुनी जाने वाली महिला कार्यकर्ता उत्कृष्ट कार्य कर सके। इसके लिए मोर्चा कार्यशाला का आयोजन करेगी।

आगामी निकाय चुनाव और लोकसभा चुनाव को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि महिला मोर्चा मेन विंग की तरह सशक्त मंडल व सशक्त बूथ के तहत एक बूथ-10 महिला के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। साथ ही 20 पन्ना प्रमुख भी बनाए जा रहे हैं। हर एक को केवल चार मतदाताओं को मोटिवेट कर वोट डलवाने का जिम्मा दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि फरवरी में मोर्चा ने एक करोड़ सेल्फी विद महिला लाभार्थी शुरू किया था, जो सफलतापूर्वक चल रहा है। पूर्व के चुनाव में प्रदेश में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाजपा को वोट दिया था। इसको और बेहतर करने की कोशिश की जा रही है।

यह भी पढ़ें:-Sultanpur News: सुलतानपुर में 10 लीटर कच्ची शराब के साथ दो गिरफ्तार

संबंधित समाचार