Farrukhabad News : किशोरी से छेड़छाड़ व मारपीट के विरोध में घेरी चौकी, रिपोर्ट नहीं लिखने का लगाया आरोप
फर्रुखाबाद में किशोरी से छेड़छाड़ के विरोध में चौकी घेरी।
फर्रुखाबाद के शहर कोतवाली क्षेत्र में किशोरी से छेड़छाड़ व मारपीट के विरोध में चौकी घेरकर प्रदर्शन किया। लोगों ने तहरीर देने के बाद भी रिपोर्ट नहीं लिखने का आरोप लगाया।
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। हैंडपंपर पर पानी भरने के विवाद में घर में घुस कर मारपीट करने और किशोरी से छेड़छाड़ करने की रिपोर्ट दर्ज न होने से परिजनों ने समर्थकों के साथ चौकी का घेराव कर कर प्रदर्शन किया। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की। इसकी जानकारी मिलने पर शहर कोतवाल चौकी पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी किशोरी शनिवार शाम को मोहल्ले में लगे हैंडपंप पर पानी भरने गई थी। मोहल्ले के रहने वाले युवक ने किशोरी को पानी नहीं भरने दिया। उसके साथ अभद्रता कर दी। किशोरी ने घर जाकर घटना की जानकारी दी। किशोरी के पिता ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। इससे नाराज युवक अन्य लोगों के साथ रात करीब नौ बजे किशोरी के घर घुस कर गाली गलौज करने लगा।
किशोरी, उसकी मां व बुआ के साथ मारपीट की। किशोरी को जमीन पर गिराकर युवक छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर जाति सूचक गाली देकर जान से मारने की धमकी दी। शोर शराबा सुनकर अन्य लोगों के आने पर हमलावर भाग गए। किशोरी ने कोतवाली पहुंच कर घटना की रिपोर्टदर्ज कराने के लिए तहरीर दी थी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इससे नाराज किशोरी के परिजन अन्य लोगों के साथ रविवार दोपहर नखास चौकी पर पहुंचे और चौकी का घेराव कर प्रदर्शन करने लगे।
उन्होंने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। चौकी के घेराव और प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर शहर कोतवाल विनोद कुमार शुक्ला मौके पर पहुंचे और उन्होंने परिवजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया।
