मोदी ने लोकतंत्र पर टिप्पणी को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधा 

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

धारवाड़ (कर्नाटक)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश में लोकतंत्र के संबंध में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर रविवार को उन पर निशाना साधा और कहा कि दुनिया की कोई ताकत भारत की लोकतांत्रिक परंपराओं को नुकसान नहीं पहुंचा सकती। राहुल गांधी का नाम लिये बिना लंदन में की गई भारतीय लोकतंत्र के खतरे में होने संबंधी कांग्रेस नेता की टिप्पणी का जिक्र करते हुए कि मोदी ने इसे 12वीं शताब्दी के समाज सुधारक बसवेश्वर, कर्नाटक के लोगों, भारत की महान परंपराओं और यहां के नागरिकों का अपमान बताया।

मोदी इस साल कर्नाटक के अपने छठे दौरे पर आये, जहां मई में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। मोदी ने कहा, मैं भगवान बसवेश्वर की धरती पर आया हूं और मैं धन्य महसूस कर रहा हूं। भगवान बसवेश्वर के योगदानों में सबसे महत्वपूर्ण अनुभव मंडप की स्थापना है, इस लोकतांत्रिक प्रणाली पर दुनियाभर में शोध किया जाता है और ऐसी कई चीजें हैं जिनके कारण हम कहते हैं कि भारत सिर्फ सबसे बड़ा लोकतंत्र नहीं है बल्कि यह लोकतंत्र की जननी भी है।

यहां भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) धारवाड़ के स्थायी परिसर का उद्घाटन करने के बाद एक सभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि उन्हें कुछ साल पहले लंदन में बसवेश्वर की प्रतिमा का अनावरण करने का सौभाग्य मिला था। मोदी ने गांधी पर परोक्ष कटाक्ष करते हुए कहा, लंदन में बसवेश्वर की प्रतिमा है, लेकिन दुर्भाग्य की बात है कि उसी लंदन में भारत के लोकतंत्र पर सवाल उठाए गए; भारत के लोकतंत्र की जड़ें हमारे सदियों के इतिहास से पोषित हैं। भारत की लोकतांत्रिक परंपराओं को इस दुनिया की कोई ताकत नुकसान नहीं पहुंचा सकती।

इसके बावजूद कुछ लोग इसे लगातार कठघरे में खड़ा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग बसवेश्वर, कर्नाटक के लोगों, भारत की महान परंपराओं, देश के 130 करोड़ जागरूक नागरिकों का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा, कर्नाटक के लोगों को ऐसे लोगों से सावधान रहना चाहिए।

इससे पहले, ब्रिटेन में राहुल गांधी की हाल की टिप्पणी को लेकर उन पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि जब वैश्विक मंचों पर भारत का दबदबा बढ़ रहा है, तो कुछ लोग विदेशी जमीन पर देश की आलोचना कर रहे हैं। धारवाड़ में आयोजित कार्यक्रम में कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई और केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि आईआईटी धारवाड़ भविष्य के संस्थान के रूप में तैयार है। उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्ष में बेहतर शिक्षण संस्थानों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। मोदी ने कहा कि आज, भारत दुनिया की सबसे मजबूत डिजिटल अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। उन्होंन कहा कि कर्नाटक हाई टेक इंडिया का इंजन है। उन्होंने कहा, यह महत्वपूर्ण है कि इस इंजन को डबल इंजन सरकार की ताकत मिले।

ये भी पढ़ें : बजट सत्र के दूसरे चरण से पहले सोमवार को विपक्षी दल खरगे के कार्यालय में बैठक करेंगे 

संबंधित समाचार