लखनऊ: मीटर लगाने व बिल भुगतान के लिए किसानों को कर रहे प्रेरित
लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश सरकार ने अपने वित्तीय बजट 2023-24 में घोषणा की है कि नलकूप किसानों को आगामी 1 अप्रैल से मुफ्त बिजली मुहैया कराई जाएगी। लेकिन सरकार की इस योजना का लाभ उठाने के लिए किसानों को मीटर लगवाने के साथ अपना 31 तक पूरा बकाया भुकतान करना होगा। तभी इस योजना का लाभ उठाया जा सकेगा।
पूरे प्रदेश की बात करें तो 13 लाख किसानों ने नलकूप के लिए बिजली विभाग से कनेक्शन ले रखा है यानी इस योजना का लाभ 13 लाख किसानों को मिलेगा। अब बिजली विभाग के कर्मचारी नलकूप किसानों के घर जाकर उन्हें मीटर लगवाने और बिजली बिल जमा करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
विभाग के अधिकारी किसानों को कितनी भी रीडिंग आए बिजली का बिल जीरो रहेगा कहकर उन्हें मीटर लगा रहे हैं। इसके अलावा बिजली बिल के बकाया को मार्च के अंत तक जमा करने के लिए भी प्रेरित कर रहे हैं, ताकि प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के लिए 1 अप्रैल से शुरू की जा रही मुफ्त बिजली बिल योजना का लाभ उन्हें मिल सके।
यूपी पावर कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक पंकज कुमार ने बताया कि प्रदेश के सभी किसान नलकूप पर 1 अप्रैल से मुफ्त बिजली का उपयोग कर सकेंगे। लेकिन इसके लिए उन्हें निश्चित समय में मीटर लगवाने के साथ बकाया बिल भुगतान करना पड़ेगा।
अभी तक यह था रेट
निजी नलकूपों के नए बिलों में ग्रामीण मीटर्ड कनेक्शन में बिजली दर 1 रुपया प्रति यूनिट है। वहीं, फिक्स चार्ज 35 रुपये प्रति हॉर्स पावर नलकूप किसानों को देना पड़ता है। वहीं अनमीटर्ड कनेक्शन में फिक्स चार्ज 85 रुपये प्रति हॉर्स पावर निश्चित किया गया है।
यह भी पढ़ें:-लखनऊ: स्वच्छ पर्यावरण आंदोलन सेना ने की गोमती की सफाई
