बरेली: इज्जतनगर मंडल को जल्द मिलेंगी दो ईएमयू ट्रेन
डीजल की बचत के साथ रफ्तार बढ़ाने के लिए मंडल की डेमू ट्रेनों को भी ईएमयू में तब्दील करने की तैयारी
बरेली, अमृत विचार। इज्जतनगर रेल मंडल ऑपरेशनल ब्रॉडगेज रेल मार्ग पूरी तरह विद्युतीकृत करने के बाद 75 प्रतिशत से ज्यादा ट्रेनें इलेक्ट्रिक इंजन से चला रहा है। अब बाकी ट्रेनों को भी इलेक्ट्रिक इंजन से चलाने पर है। इसके लिए मंडल में डेमू (डीजल इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट) ट्रेनों को भी ईएमयू (इलेक्ट्रिकल मल्टीपल यूनिट) तब्दील करने की योजना है ताकि डीजल की बचत के साथ ट्रेनों की रफ्तार भी बढ़ाई जा सके।
इज्जतनगर मंडल के पास फिलहाल दो डेमू रैक हैं जिन्हें बरेली सिटी से टनकपुर, लालकुआं से बरेली सिटी और बरेली सिटी से काशीपुर के बीच चलाया जाता है। भविष्य में छोटी दूरी की पैसेंजर ट्रेनों को भी ईएमयू में तब्दील करने की योजना है, फिलहाल अधिकारियों का कहना है कि शुरूआत में डेमू ट्रेनों को ईएमयू में तब्दील किया जाएगा।
इसके बाद जैसे-जैसे रैक मिलेंगे, पैसेंजर ट्रेनों को भी ईएमयू में तब्दील किया जाएगा। बताया जा रहा है कि बहुत जल्द इज्जतनगर मंडल को दो ईएमयू रैक मिलने वाले हैं। बता दें कि इज्जतनगर मंडल में 80 से ज्यादा पैसेंजर ट्रेनें चल रही हैं। इन्हें ईएमयू में तब्दील करने के लिए करीब 40 ईएमयू रैक की जरूरत पड़ेगी।
डेमू शेड के कर्मचारियों को दिया गया प्रशिक्षण
मंडल में ईएमयू ट्रेनों का संचालन शुरू करने की तैयारी भी होने लगी है। पिछले दिनों डेमू शेड के कर्मचारियों को ईएमयू के मेंटिनेंस का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। चूंकि डेमू और पैसेंजर ट्रेनों की जगह भविष्य में ईएमयू ही चलाई जानी हैं लिहाजा मंडल के कर्मचारियों को भी इसके लिए तैयार किया जा रहा है।
मंडल के आपरेशनल ब्रॉडगेज मार्ग का विद्युतीकरण पूरा कर लिया गया है। मंडल में ईएमयू ट्रेन चलाने की योजना है। शुरुआती चरण में जिन रूटों पर डेमू चल रही हैं, उन्हें ही ईएमयू में तब्दील किया जाएगा--- रेखा यादव, डीआरएम इज्जतनगर रेल मंडल।
यह भी पढ़ें- बरेली: 2432 परिषदीय स्कूलों के बच्चों को मिलेगी क्राफ्ट शिक्षा, 30 लाख रुपये आवंटित
