चिल्लाती रही कानपुर कमिश्नरेट पुलिस, ग्वालटोली थाने से फरार हो गया शातिर चोर, तीन पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज
कानपुर में थाने से चोर के फरार होने पर तीन पुलिसकर्मी संस्पेड।
कानपुर के ग्वालटोली थाने से शौच का बहाना करके शातिर चोर फरार हो गया। मामले को संज्ञान में लेकर तत्काल प्रभाव से पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदण्ड ने तीन पुलिसकर्मियों को संस्पेड कर दिया।
कानपुर, अमृत विचार। ग्वालटोली थाने से मंगलवार सुबह एक चोर शौच का बहाना करने के बाद पुलिस कर्मियों को धक्का देकर भाग निकला। उधर, पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदण्ड ने मामला संज्ञान में लेकर दरोगा और दो कांस्टेबल को संस्पेड कर दिया। पुलिस ने चोर की तलाश में कई टीमें लगाई।
ग्वालटोली थाने की पुलिस ने चोरी के मामले में ग्वालाटोली निवासी चोर रौनक कोरी को उठाया था। पूछताछ के दौरान उसके पास से करीब दो लाख का माल बरामद हुआ। इस पर पुलिस मंगलवार को आरोपी को जेल भेजने वाली थी।
इधर, शौच के लिए जाने की बात कहकर चोर हवालात से बाहर निकला और फरार हो गया। ग्वालटोली पुलिस के काफी तलाश करने के बाद भी चोर का कुछ पता नहीं चला। वहीं, पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदण्ड ने ग्वालटोली थाने के दरोगा अशोक कुमार और दो हेड कांस्टेबल चंद्रशेखर व रामकुमार को सस्पेंड कर दिया।
