मथुरा: कान्हा की क्रीड़ास्थली पर चला योगी का बुलडोजर, कब्जे से कराई करोड़ों की भूमि मुक्त
मथुरा, अमृत विचार। नगर की करोड़ों रुपये की भूमि पर कुछ असमाजिक तत्वों ने कब्जा कर लिया था। इस जमीन को कंस टीला के नाम से लोग जानते हैं। इसको लेकर हिंदू महासभा के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंप कंस टीला को कब्जा मुक्त कराने की मांग की थी। साथ ही सात दिन के अंदर कंस टीला कब्जा मुक्त न होने पर भूख हड़ताल की धमकी भी दी थी, इस खबर को अमृत विचार ने प्रमुखता से दिखाया। मंगलवार को खबर का संज्ञान लेकर नगर निगम की टीम कंस टीला पहुंच गई और कंस टीला को कब्जा मुक्त कराया और उक्त जमीन पर नगर निगम की संपत्ति होने का बोर्ड भी लगा दिया।
सहायक नगर आयुक्त आरके मित्तल के नेतृत्व में मंगलवार को टीम कंस टीला पर पहुंची और यहां जमीन कब्जाने को बनाई जा रही बाउंड्रीवाल को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान कब्जा करने वालों ने विरोध भी किया, लेकिन भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद होने के कारण उनका विरोध काम नहीं आया। सहायक नगर आयुक्त आरके मित्तल ने बताया कि पूर्व में भी इस जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया था।
अतिक्रमण करने वालों ने होली के दिन बाउंड्री वाल की। इस दिन भी बाउंड्रीवाल को तोड़ा गया, लेकिन पुन: दोगुनी तेजी के साथ बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जा रहा था। इसकी सूचना मिली तो उसे ध्वस्त कर दिया। इधर, अखिल भारत हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दिनेश शर्मा और प्रदेश प्रवक्ता संजय हरियाणा ने बताया कि महासभा के पदाधिकारियों ने जिला अधिकारी पुलकित खरे को सोमवार को ज्ञापन दिया था। ज्ञापन में जिलाधिकारी से भूतेश्वर के पास स्थित हाथी टीला पर कुछ लोगों द्वारा अवैध अतिक्रमण करने की शिकायत की।
उन्होंने बताया कि जिस जमीन को असमाजिक तत्व कब्जा करना चाहते हैं यहां पर राजा कंस के हाथी रहते थे और भगवान कृष्ण ने राजा कंस के पागल हाथी से युद्ध किया था। यहीं पर उस पागल हाथी का वध किया था। यह हिंदुओं का प्राचीन धार्मिक स्थान है। उन्होंने जमीन कब्जाने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दंडात्मक कार्रवाई की मांग जिलाधिकारी से की है। मांग करने वालों में जिला अध्यक्ष छाया गौतम, रामप्रकाश शर्मा, राजेश पाठक, नीतू सक्सेना, पवन गौतम, चन्द प्रकाश सिंघल शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- मथुरा: जहां होती थी कृष्ण और कंस के हाथियों में लड़ाई वहां भी पहुंचे कब्जाधारी भाई
