संभल: शिलान्यास कार्यक्रम में हुए विवाद का मुद्दा गरमाया, कांग्रेसी पहुंचे

चन्दौसी के गांव बुधनगर खडुआ में चेक डैम शिलान्यास कार्यक्रम में राज्यमंत्री से सवाल पूछने पर हुआ था विवाद, सपा मीडिया सेल पर ट्वीट के बाद अब कांग्रेस की प्रियंका वाड्रा ने ट्वीट कर भाजपा पर साधा निशाना

संभल: शिलान्यास कार्यक्रम में हुए विवाद का मुद्दा गरमाया, कांग्रेसी पहुंचे

पीड़ित से मुलाकात करने पहुंचा कांग्रेसियों का प्रतिनिधिमंडल।

संभल/चन्दौसी, अमृत विचार। कोतवाली के गांव बुधनगर खडुआ में चेक डैम शिलान्यास कार्यक्रम में हुए विवाद का मुद्दा गरमाने लगा है। तथाकथित पत्रकार के खिलाफ केस दर्ज होने के बाद विपक्षी दलों ने भाजपा को घेरना शुरू कर दिया है। मंगलवार को कांग्रेस के जिलाध्यक्ष ने गांव पहुंच कर पीड़ित से जानकारी ली और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। समाजवादी पार्टी मीडिया सेल पर ट्वीट के बाद अब कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा ने भी  ट्वीट कर भाजपा पर निशाना साधा है।

उल्लेखनीय है कि 11 मार्च को गांव बुधनगर खडुआ में जल संरक्षण के लिए चेक डैम का शिलान्यास राज्यमंत्री गुलाब देवी ने किया था। यहां एक पत्रकार संजय राणा ने राज्यमंत्री से विकास के मुद्दों पर सवाल पूछते हुए कार्यक्रम में व्यवधान पैदा कर दिया। इस मामले में चन्दौसी के विकास नगर निवासी भाजयुमो के जिला महामंत्री शुभम राघव की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने संजय राणा के खिलाफ नामजद केस दर्ज कर लिया और शांति भंग में चालान कर दिया था। 

मामला अखबारों के माध्यम से सुर्खियों में आया तो विपक्षी दल मैदान में उतर आए। समाजवादी मीडिया सेल द्वारा ट्वीट कर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका बाड्रा ने ट्यूअर पर ट्वीट कर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। मंगलवार को राष्ट्रीय महासचिव के निर्देश पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विजय शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेसियों का एक प्रतिनिधिमंडल गांव बुधनगर खडुआ पहुंचा और पीड़ित से मुलाकात की। जिलाध्यक्ष ने कहा कि लोकतांत्रिक सवाल करने पर केस दर्ज करा दिया गया। 

लोकतंत्र की इस लड़ाई में कांग्रेस पीड़ित के साथ कंधे से कंधा मिला कर चलेगी। कांग्रेस हमेशा से लोकतंत्र को जिंदा रखने की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी लड़ती रहेगी। तानाशाह सरकार की पुलिसिया दमनकारी नीतियों से डरने वाली नहीं है। 

प्रतिनिधि मंडल में युवा जिलाध्यक्ष काजी हम्माद मुबीन, रक्षा रानी, सरदार बलवीर सिंह, नगराध्यक्ष मुनेश जोशी, साहू संजीव कुमार, आसिफ अल्वी, लालू, नीतीश गौड़, सुनील शर्मा, अरुण कुमार, सचिन शर्मा, फैजान आदि थे।

ये भी पढ़ें:- SARS महामारी का खुलासा करने वाले Jiang Yanyong का निधन, 91 की उम्र में ली अंतिम सांस