लखीमपुर-खीरी: समितियों के चुनाव में धांधली को लेकर सपा का डीएम कार्यालय पर हंगामा, ज्ञापन चस्पा किया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। सहकारी समितियों में की जा रही धांधली को लेकर मंगलवार को बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष रामपाल सिंह की अगुवाई में कलेक्ट्रेट पहुंचे सपाइयों ने डीएम कार्यालय का घेराव किया और डीएम के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे। डीएम के ज्ञापन लेने न आने पर भड़के सपाइयों ने बवाल शुरू कर दिया। बढ़ते बवाल को देखते हुए डीएम कार्यालय से निकलकर गाड़ी में बैठकर चल दिए। इस पर सपाई गाड़ी के पीछे काफी दूर तक दौड़ते रहे। सपाइयों ने कार्यालय पर लगी डीएम की नेम प्लेट के नीचे ज्ञापन चस्पा कर रोष जताया।

जिले की 125 साधन सहकारी समितियों के चुनाव को लेकर प्रक्रिया 11 मार्च से चल रही है। साधन सहकारी समितियों पर नामांकन प्रक्रिया चल रही है, लेकिन पहले ही दिन से चुनाव में धांधली का आरोप लग रहा है। निर्वाचन अधिकारी नहीं पहुंच रहे हैं तो कहीं समितियों पर ताले लटक रहे हैं।

नामांकन पत्रों के न मिलने और ताला लटके होने के कारण चुनाव लड़ने वाले विपक्षी दलों की दावेदारी नहीं हो पा रही है। इसको लेकर मंगलवार को सपा जिलाध्यक्ष रामपाल सिंह यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट पहुंचे कार्यकर्ताओं ने डीएम कार्यालय का घेराव कर लिया और प्रशासन और डीएम के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। सपाई डीएम महेंद्र बहादुर सिंह को ज्ञापन देना चाहते थे, लेकिन डीएम के बाहर न आने पर सपाई भड़क गए और हंगामा करना शुरू कर दिया।

हंगामा बढ़ते देख डीएम कार्यालय से निकलकर अपनी गाड़ी में बैठ गए। यह देख सपाई जब तक दौड़ लगाकर डीएम के पास पहुंचते। इससे पहले ही डीएम की गाड़ी आगे निकल गई। तमाम सपाई काफी दूर तक गाड़ी के पीछे दौड़ते दिखे। डीएम के ज्ञापन न लेने और मुंह छिपाकर चले जाने का आरोप लगाते हुए सपाइयों ने सरकार और प्रशासन को सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया। सपाइयों ने कार्यालय पर लगी डीएम की नेम प्लेट के पास अपना ज्ञापन चस्पा कर विरोध जताया।

सपा जिलाध्यक्ष रामपाल यादव ने कहा कि साधन सहकारी समितियों के आज यानी मंगलवार को चुनाव होने हैं। पूरे जिले में समितियों पर चुनाव अधिकारी नदारद हैं और भाजपा कार्यकर्ताओं को निर्विरोध निर्वाचित कराने के लिए सहकारिता विभाग के अधिकारी साजिश रच रहे हैं।

हालत यह है कि समितियों पर मतदाता सूची भी आज जनता को उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग पूरी तरह से समितियों पर कब्जा कर लिया है और लोकतंत्र को खत्म कर अपनी गुंडई से सरकार औैर प्रशासनिक अधिकारी इस चुनाव को छीनना चाह रहे हैं। किसी को पर्चा भरने नहीं दे रहे हैं। सपा ने चुनाव को रद्द कराने और लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव कराने की मांग की। चुनाव रद्द न होने पर बड़े स्तर पर आंदोलन करने की भी चेतावनी दी। इस दौरान प्रमुख रूप से अंसार महलूद, सपा महिला सभा की जिलाध्यक्ष तृप्ति अवस्थी, अमित वर्मा, पूर्व विधायक रामसरन, पूर्व एमएलसी शशांक यादव, देवेंद्र भदौरिया, संजीव वर्मा आदि रहे।  

यह भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: पुराना ईपीएफ का भुगतान दिलाया नही, नई फर्म का कर दिया टेंडर 

संबंधित समाचार