बरेली: हवाई मार्ग से जयपुर जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत, 26 से रेगुलर फ्लाइट शुरू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

इंडिगो बरेली और पंतनगर से फ्लाइट शुरू कर रही तो एलाइंस एयर बरेली से वाया दिल्ली कनेक्टिंग फ्लाइट दे रही

बरेली, अमृत विचार। अभी सिविल एयरपोर्ट से राज्य के अंदर लखनऊ, गोरखपुर, अयोध्या और आगरा जैसे बड़े शहरों के लिए फ्लाइट का लाभ शहर वासियों को नहीं मिल रहा है, वो अलग बात है, लेकिन जयपुर हवाई मार्ग से जाने वालों के लिए इंडिगो बड़ी राहत दे रही है।

इंडिगो बरेली से 26 मार्च से जयपुर के लिए चार दिन तो बरेली से करीब 70 किलोमीटर दूर पंतनगर एयरपोर्ट से भी 26 मार्च से जयपुर के लिए रेगुलर फ्लाइट शुरू कर रही है। जबकि एलाइंस एयर कंपनी बरेली से वाया दिल्ली होते हुए जयपुर के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट पहले से ही दे रही है। इससे यात्रियों के लिए जयपुर जाने के लिए एक नहीं तीन विकल्प मिल रहे हैं।

बरेली से जयपुर के लिए 3593 रुपये किराया है और जयपुर से बरेली आने के लिए 3726 रुपये खर्च करने पड़ेंगे। 133 रुपये अतिरिक्त देने पड़ेंगे। इंडिगो की बुकिंग वेबसाइट के अनुसार फ्लाइट के शेड्यूल में रविवार, सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को फ्लाइट संचालित होगी। इसमें फ्लाइट सुबह जयपुर से 9.50 बजे उड़ान भरकर 11.10 बजे बरेली एयरपोर्ट पहुंचेंगी। यहां एयरपोर्ट पर 30 मिनट रुकने के बाद 11.40 बजे बरेली से उड़ान भरकर फ्लाइट 12.50 बजे जयपुर पहुंचेगी।

जबकि पंतनगर एयरपोर्ट से इंडिगो का 72 सीटर एटीआर 12.15 बजे उड़ान भरकर 1.40 बजे जयपुर एयरपोर्ट पर लैंड होगा। इस फ्लाइट का किराया 3654 रुपये निर्धारित किया है। वेबसाइट के अनुसार जयपुर से पंतनगर के लिए एटीआर दोपहर 1.25 बजे उड़ान भरकर 2.40 बजे पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचेंगी। इस फ्लाइट का किराया 3890 रुपये निर्धारित किया गया है। जयपुर से दूसरा एटीआर पंतनगर के लिए उड़ान भरेगा, इसलिए पंतनगर की फ्लाइट के पहुंचने से 15 मिनट पहले ही एटीआर वहां से उड़ जाएगा।

पंतनगर एयरपोर्ट से जयपुर के लिए सप्ताह में सातों दिन फ्लाइट मिलेगी। इंडिगो दोनों फ्लाइट की घोषणा पूर्व ही कर चुकी है। इसलिए बुकिंग खोल दी है। पंतनगर एयरपोर्ट प्रशासन भी अपने ट्विटर पर जयपुर फ्लाइट शुरू होने की जानकारी शेयर कर चुका है। हालांकि बरेली एयरपोर्ट पर अभी तक जयपुर फ्लाइट का शेड्यूल नहीं पहुंचा है। एयरपोर्ट के अधिकारी ने बताया कि फ्लाइट शुरू होने से दो चार दिन पहले ही शेड्यूल एयरपोर्ट पहुंचता है।

यह भी पढ़ें- बरेली: छुट्टी पर टेक्नीशियन, 300 बेड अस्पताल में एक माह से नहीं हो रहे एक्सरे

संबंधित समाचार