बहराइच: सिंगल लाइन मार्ग पर बड़े वाहनों ने लगाया जाम, कई घंटे तक यात्री रहे हलकान

गोंडा जिले में पुल क्षतिग्रस्त होने के चलते दिक्कत

बहराइच: सिंगल लाइन मार्ग पर बड़े वाहनों ने लगाया जाम, कई घंटे तक यात्री रहे हलकान

बहराइच, अमृत विचार। गोंडा जनपद के करनैलगंज में पुल क्षतिग्रस्त होने के चलते बहराइच वासियों के लिए भी समस्या बन रही है। गोंडा से आने वाले बड़े भार वाहन लखनऊ मार्ग पर जाम का सबब बन रहे हैं। बुधवार को हुजूरपुर और लखनऊ मार्ग पर घंटों जाम लगा रहा। इससे आम यात्रियों को समस्या हुई। पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर जाम हटवाया।

गोंडा जनपद के करनैल गंज मार्ग पर पुल 15 दिनों पूर्व क्षतिग्रस्त हो गया था। जिसके चलते गोंडा से बहराइच अब सीधे भार वाहन नहीं आ रहे हैं। भार वाहन हुजूरपुर, कैसरगंज मार्ग से लखनऊ के लिए रवाना हो रहे हैं। हुजूरपुर कैसरगंज मार्ग सिंगल लाइन होने के चलते जाम की स्थिति बना रहा है। बुधवार को गोंडा से और लखनऊ से भार वाहन मार्ग पर पहुंच गए। कोई वाहन सड़क से नीचे नहीं उतार रहा था। इसके चलते जाम लग गई। जाम लखनऊ मार्ग पर भी एक किलोमीटर तक लग गया। इससे रोडवेज बस, प्राइवेट बस और चार पहिया वाहन के यात्री काफी परेशान दिखे। 

कैसरगंज के प्रभारी निरीक्षक दद्दन सिंह ने बताया कि पुलिस टीम की मदद से भार वाहन को अलग हटवाया गया। इसके बाद आवागमन बहाल हो सका। हालांकि इस दौरान दो घंटे से अधिक समय तक लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्री काफी परेशान रहे।

ये भी पढ़ें -  बहराइच में कई घंटे बिना कपड़ों के सड़क पर घायल पड़ा रहा मंदबुद्धि युवक, गुजरते रहे वाहन