Kanpur Murder: पत्नी से अवैध संबंध के शक में खुद की हत्या का था डर, इसलिए मार डाला, एयरफोर्स सार्जेंट ने कबूला
कानपुर में अवैध संबंध के शक में दोस्त ने की दोस्त की हत्या।
कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र में मिले डॉक्टर के शव का हत्यारा कोई और नहीं बल्कि उसका दोस्त ही कातिल निकला। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि उसके मृतक की पत्नी से अवैध संबंध थे। जिसका मृतक को पता चल गया था। जिस कारण उसे अपनी हत्या का शक था। इसलिए उसने शराब पिलाकर वारदात को अंजाम दिया।
कानपुर, अमृत विचार। मंगलवार देर उन्नाव के पूर्व मंत्री गंगाबख्श सिंह के नाती व डेंटल सर्जन डॉ. गौरव प्रताप सिंह की हत्या एयरफोर्स में तैनात सार्जेन्ट ने बड़ी बेरहमी से की। पुलिस के अनुसार सार्जेन्ट ने पहले डॉक्टर को शराब पिलाई और उसके बाद हाईवे किनारे लगे पत्थर से उसका कई बार सिर टकराकर मौत के घाट उतार दिया। डॉक्टर की हत्या करने वाले आरोपी सार्जेंट को पुलिस ने बुधवार को जेल भेज दिया।
इस मामले में डॉक्टर की पत्नी प्रियंका सिंह की भूमिका संदिग्ध है और उसकी जांच की जा रही है। वहीं पुलिस ने डॉक्टर की पत्नी और सार्जेन्ट के बीच संबंध की बात कही। लेकिन पत्नी को डॉक्टर की हत्या के बारे में जानकारी थी कि नहीं इसका पता किया जा रहा है। इस मामले में मृतक डॉक्टर के पिता की तहरीर पर आरोपी मुदित श्रीवास्तव और उसके साथियों के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया है।
उन्नाव आवास विकास निवासी डॉ.गौरव प्रताप सिंह 13 मार्च को गंगा मेला में पत्नी प्रियंका सिंह को उनके मायके राजीव विहार नौबस्ता छोड़ने आए थे। शाम करीब छह बजे पत्नी को छोड़कर वह एक संपत्ति देखने के अलावा जिगरी मित्र मुदित श्रीवास्तव के पास जाने की बात कहकर निकल गए थे। उसके बाद से डॉक्टर का कुछ पता नहीं चला था। 14 मार्च को चकेरी पुलिस ने शाम 5:40 बजे डॉक्टर की गुमशुदगी दर्ज की। गुमशुदगी दर्ज करने के बाद पुलिस ने अलग-अलग डॉक्टर की पत्नी प्रियंका सिंह और सार्जेंट मुदित श्रीवास्तव से पूछताछ की। दोनों के बयान में विरोधाभास होने के नाते से सार्जेंट से थोड़ा सख्ती से पूछताछ की गई।
जिसके बाद रात लगभग 12:45 बजे उसकी निशानदेही पर कुलगांव फ्लाईओवर महाराजपुर के नीचे स्थित जंगल में खंदक में डॉक्टर का शव बरामद किया गया। आरोपी सार्जेंट ने पुलिस पूछताछ में बताया कि 13 मार्च की रात को ही पहले उसने डॉक्टर को खूब शराब पिलाई। इतनी शराब पिलाई कि वह अपने पैरों पर खड़े होने की स्थिति में नहीं रहा। उसके बाद गाड़ी से उसे हाईवे पर ले गया। वहां सुनसान जंगल देख गाड़ी रोकी। डॉक्टर को गाड़ी से बाहर निकाला उसके बाद सड़क पर लगे बड़े से पत्थर में आठ बार उसका सिर लड़ाया।
डॉक्टर को पत्थर पर टकरा-टकराकर मौत के घाट उतार दिया। उसके बाद उसकी गाड़ी लेकर अपने घर आ गया। बुधवार को जब डॉक्टर का पोस्टमार्टम कराया गया तो उससे पहले एक्सरे लिया गया। मगर गोली का कहीं नाम निशान नहीं था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर के सिर पर कई बार भारी वस्तु का प्रहार होने से चेहरे और सिर से अत्याधिक खून बहने के कारण मौत हो जाने की पुष्टि हुई है।
डॉक्टर की हत्या उसके मित्र और एयरफोर्स में सार्जेंट पद पर तैनात मुदित श्रीवास्तव ने की है। डॉक्टर की पत्नी और मुदित के बीच अवैध संबंध थे। मुदित को शक था कि डॉक्टर को इसकी जानकारी हो चुकी है और वह उसे कभी भी मार सकता है। इस कारण उसने डॉक्टर की हत्या कर दी। पत्नी की भूमिका की जांच की जा रही है।- रविन्द्र कुमार, डीसीपी ईस्ट
