प्रदेश में 10,000 पंजीकृत ई-रिक्शा वाला पहला जिला बना मुरादाबाद
मंडलायुक्त ने दिखाई झंडी, कहा-सुचारु यातायात व्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण में होंगे मददगार, आईएम प्राउड वैलिड ई-रिक्शा ऑनर के तहत कार्यक्रम आयोजित, ई-रिक्शा पर लगे क्यूआर कोड से किया जा सकेगा किराये का भुगतान
झंडी दिखाकर वैलिड ई रिक्शा रवाना करते मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह व जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह।
मुरादाबाद, अमृत विचार। प्रदेश में 10,000 पंजीकृत ई-रिक्शा वाला मुरादाबाद पहला जिला बना है। बुधवार को आईएम प्राउड वैलिड ई रिक्शा ऑनर कार्यक्रम के तहत पंचायत भवन परिसर के जिगर मंच पर आयोजित कार्यक्रम में मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह ने वैध ई रिक्शा पर रिफ्लेक्टर लगने के बाद झंडी दिखाकर रवाना किया।
मंडलायुक्त ने कहा कि यह हमारे लिए सम्मान की बात है कि यहां 10,000 वैलिड ई रिक्शा संचालित हो रहे हैं। शहर में किसी की आजीविका को प्रभावित किए बिना वैध ई-रिक्शा चलाकर चालक और स्वामी यातायात सुगम बनाने में मददगार होंगे। साथ ही इससे पर्यावरण संरक्षण में भी सहूलियत होगी। इन ई रिक्शा पर लगे क्यूआर कोड को स्कैन कर किराए का भुगतान भी किया जा सकता है।
ई रिक्शा स्वामी को पेटीएम की सुविधा दी गई है। उन्होंने कहा कि फर्जी ई-रिक्शा हटाकर पंजीकृत रिक्शा चलाने के लिए जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है। इसके माध्यम से ई रिक्शा चालक और स्वामी खुद के साथ ही परिवार की आजीविका भी आसानी से चला सकेंगे। जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि शहर में ई रिक्शा के माध्यम से लोगों को आवागमन में आसानी होगी।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी नगर आलोक कुमार वर्मा, आरटीओ प्रशासन भीमसेन सिंह, एसपी यातायात सुभाष चन्द्र गंगवार, आरटीओ प्रवर्तन आरके सिंह, एआरटीओ प्रथम आंनद निर्मल, एआरटीओ द्वितीय अनिल कुमार, एसपी सिटी कपिल रस्तोगी और बड़ी संख्या में ई रिक्शा स्वामी, चालक और डीलर आदि उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : घनी दाढ़ी, दरम्याना चेहरा...ऋषिदेव शर्मा रोहतक के आर्ट्स विवि में गुनगुना रहे फोटोग्राफी का तराना
