लखनऊ: BJP कार्यालय पर 69000 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने किया प्रदर्शन, कई महिला अभ्यर्थी हुई बेहोश
अमृत विचार, लखनऊ। उत्तर प्रदेश 69000 शिक्षक भर्ती में आरक्षित वर्ग 6800 अभ्यर्थियों के साथ हुए घोटाले की सुनवाई पर हाई कोर्ट ने चयन सूची को खारिज कर दिया है। जिसको लेकर आरक्षित 6800 सूची के सैकड़ों अभ्यर्थियों ने आज राजधानी लखनऊ स्थित भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची हज़रातगंज पुलिस ने भाजपा मुख्यालय के गेट पर बैठे प्रदर्शन कर रहे शिक्षक अभ्यर्थियों को खीच-खीचकर पुलिस गाड़ियों में भरकर इको गार्डन भेज दिया। इस दौरान पुलिस की खींचातानी से कई महिला अभ्यर्थी बेहोश हो गयी जिन्हे इलाज के सिविल अस्पताल भेजा गया है।
बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर 5 जनवरी 2022 को 6800 आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों की सूची प्रकाशित की गई थी। जिसे हाई कोर्ट ने 13 मार्च 2023 को रद्द कर दिया। हाईकोर्ट के आदेश के बाद से ही 6800 अभ्यर्थी आहत होकर 14 मार्च से इको गार्डन में धरना दे रहे है। लेकिन सुनवाई न होता देख आज सुबह सैकड़ों अभ्यर्थियों ने शिक्षा मंत्री के आवास का घेराव करने पहुंचे। हालांकि पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर इको गार्डेन भेज दिया था।
इसके बाद नाराज सैकड़ों अभ्यर्थियों ने बीजेपी मुख्यालय के गेट पर मुख्यमंत्री से 6800 आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों की सूची बहाल करने की गुहार लगाई। लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस ने अभ्यर्थियों को वहां से खींचातानी करते हुए हटाकर गाड़ियों में भरकर इको गार्डन भेज दिया।
यह भी पढ़ें:- लखनऊ: बिजलीकर्मियों ने किया कार्य बहिष्कार, 16 मार्च की रात 10 बजे से करेंगे 72 घण्टे की हड़ताल
