लखनऊ एयरपोर्ट पर अब 40 विमानों के यात्रियों को मिलेगी एयरोब्रिज की सुविधा
रनवे पर विमान तक पहुंचने के लिए यात्रियों को नहीं खाने पड़ेंगे बसों में धक्के
अमृत विचार, लखनऊ। राजधानी के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट से हवाई यात्रा करने वालों के लिए एक अच्छी खबर है। यात्रियों की बेहतर सुविधा के लिए जल्द ही एयरपोर्ट पर एयरोब्रिज की सुविधा मिलने जा रही है जिससे 40 विमानों के हवाई यात्री बसों में धक्का खाने के बजाय सीधे विमान तक पहुंच सकेंगे। अधिकांश हवाई यात्रियों को विमान तक पहुंचने और टर्मिनल तक आने-जाने के दौरान बसों में नहीं बैठना पड़ेगा।
आपको बता दें कि यह ब्रिज एक कॉरिडोर की तरह होता है, जो विमान के गेट से जुड़ जाता है। यात्री इसके जरिए सीधे अराइवल तक पहुंच जाते हैं। एयरोबिज के लिए विमान को टर्मिनल से सटा कर जगह दी जाती है। ऐसे में यात्रियों को मामूली दूरी ही पैदल चलनी होती है। लखनऊ एयरपोर्ट पर 128 उड़ानें संचालित होती हैं। जिस विमान में एयरोब्रिज नहीं लगता, उसमें सीढ़ियां लगाई जाती हैं। ऐसे विमानों की पार्किंग टर्मिनल से थोड़ी दूरी पर होती है।
फिलहाल दो एयरोब्रिज से इन विमानों के यात्रियों को सुविधा दी जा रही है। पहले यह संख्या 26 थी, जिसे अब 40 तक बढ़ा दिया गया है। यात्री विमान से उतरकर पहले बस में बैठते हैं, जो यात्रियों को अराइवल हॉल तक लेकर जाती है। ज्यादा यात्री होने की स्थिति में दो बसें चलाई जाती हैं। ऐसे में यात्रियों को थोड़ा इंतजार करना पड़ता है। इसी तरह जिन यात्रियों को जाना है, उनको पहले बस में बैठकर विमान तक पहुंचाया जाता है। एयरोब्रिज के साथ यह दिक्कत नहीं होती।
एयरोब्रिज के चलते हवाई उड़ानों की समय सारिणी में बदलाव
विमान में एयरोब्रिज के लिए उड़ानों की समय सारिणी में थोड़ा बदलाव हुआ है। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार टर्न अराउंड अवधि बढ़ाई गई। एक विमान जब उड़ान भर लेता है तो दूसरे को उतरा जाता है। ऐसे में एक ही एयरोब्रिज पर 20 से अधिक उड़ानों का परिचालन संभव हो पाता है।
टर्मिनल 3 बनने के बाद सभी विमानों पर लगेंगे एयरोब्रिज
नया टी-3 टर्मिनल साल अंत तक तैयार होने की उम्मीद है। इस टर्मिनल के बनने पर 14 एयरोब्रिज हो जाएंगे। इससे सभी उड़ान के यात्री को एयरॉब्रिज की सुविधा मिलेगी। इसके बाद रनवे तक बस से आने-जाने का चक्कर पूरी तरह समाप्त हो जाएगा।
ये भी पढ़ें -बेसिक शिक्षा निदेशालय पर 69000 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, आरक्षित सूची बहाली की उठाई मांग
