बरेली: बड़े बिल्डरों की कॉलोनियों पर बीडीए की कार्रवाई, बुलडोजर चलाकर किया ध्वस्त
बीडीए ने नैनीताल रोड, पीलीभीत बाईपास, डोहरा और भुता रोड पर की कार्रवाई
बरेली, अमृत विचार। बीडीए की सख्ती के बाद भी शहर में अवैध कॉलोनियों के निर्माण का सिलसिला थम नहीं रहा है। शुक्रवार को बीडीए ने बड़े बिल्डरों की 73 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में बनाई जा रही चार अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया।
बीडीए की प्रवर्तन टीम ने शुक्रवार को अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई की शुरुआत नैनीताल रोड पर ट्यूलिप टावर बनाने वाले बिल्डर सरबजीत बख्शी उर्फ बिटटू बख्शी की 45 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में ऑक सिटी के नाम से बनाई जा रही कॉलोनी से की। सेक्रेट हार्ट स्कूल से सटी इस कॉलोनी में भूखंडो का चिन्हांकन के साथ सड़क का निर्माण किया जा रहा था। बीडीए टीम ने यह सब अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिया। इसके बाद डोहरा रोड पर साबरिया लाॅन के सामने 8000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बन रही कॉलोनी में भी बुलडोजर चलाकर यहां बनी सड़क, बिजली के पोल और चहारदीवारी को गिरा दिया गया।
भुता रोड पर लगभग 8000 वर्ग मीटर में कॉलोनी का निर्माण किया जा रहा था। भूखंडों के चिन्हांकन के साथ यहां बिजली के पोल लगा दिए गए थे जिसे बुलडोजर से ढहा दिया गया। पीलीभीत बाईपास पर 6500 वर्गमीटर क्षेत्रफल और भुता रोड पर लगभग 5500 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में किए गए अवैध निर्माण पर भी बुलडोजर चला दिया गया। बीडीए की टीम में सहायक अभियंता अनिल कुमार, अवर अभियंता रमन कुमार, सुनील गुप्ता, हरीश चौधरी, एसपी सिंह शामिल थे।
लोग कोई भी संपत्ति खरीदने से पहले बिल्डर से समय मानचित्र स्वीकृति संबंधी अभिलेख मांगकर सुनिश्चित कर लें कि संपत्ति प्राधिकरण से स्वीकृत है या नहीं। बीडीए के क्षेत्र में अनधिकृत निर्माण और अवैध कॉलोनियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी--- जोगेंदर सिंह, बीडीए उपाध्यक्ष।
यह भी पढ़ें- बरेली: कैंट बोर्ड के चुनाव पर रोक, रक्षा मंत्रालय ने जारी की अधिसूचना
