विधानसभा अध्यक्ष ने किया पूर्व विधायकों के स्नेह मिलन कार्यक्रम का उद्घाटन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने आज पूर्व विधायकों के 'स्नेह मिलन कार्यक्रम' का उद्घाटन करते हुए कई वरिष्ठ पूर्व विधायकों का सम्मान किया। गौतम ने पूर्व विधानसभा सदस्य डा. गौरीशंकर शेजवार, कैलाश विजयवर्गीय, नारायण केशरी, माया सिंह, बिजेंद्र सिंह, जसवंत सिंह, ज्ञान सिंह और रघुनन्दन शर्मा सहित कई अन्य पूर्व विधायकों का सम्मान किया। इस दौरान 300 से अधिक पूर्व विधानसभा सदस्य उपस्थित थे।

इस अवसर पर गौतम ने कहा कि मध्यप्रदेश विधानसभा का गौरवशाली इतिहास है। आज जिस स्वरूप में विधानसभा है, उसके विकास और गौरव को बढ़ाने में पूर्व विधायकों ने जो योगदान दिया है, अतुलनीय है। पूर्व विधायकों का अनुभव पूंजी के समान है और सभी को इस अनुभव तथा पूर्व विधायकों का मार्गदर्शन मिलते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि वि​धायिका और विधानसभा सदस्यों के समक्ष आज जो चुनौतियां हैं, उससे ज्यादा पूर्व विधायकों के समय में हुआ करतीं थीं। तब संसाधनों, परिवहन और तकनीकी का अभाव था। विधानसभा को चलाने हेतु नियम, प्रक्रियाओं को बनाने और परिष्कृत करने की आवश्यकता थी। पूर्व विधायकों ने विपरीत परिस्थितियों में जो कार्य किए, उसकी ही परिणिति है कि आज विधानसभा का वि​कसित और सुविधा संपन्न स्वरूप देखने को मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि पूर्व विधायकों के इस सम्मेलन के आयोजन का एक उद्देश्य ये भी है कि प्रदेश के नागरिकों को उनके योगदान की जानकारी हो सके। पूर्व विधायकों ने सुविधाओं में बढ़ोतरी की मांग की, जिसके संदर्भ में कई प्रमुख पहल की है। विधायक विश्राम गृह में पूर्व विधायकों के लिए माह में छह दिवस ठहरने और निशुल्क स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई है। विधायक विश्राम गृह में 25 कमरे पूर्व विधायकों के लिए और पूर्व महिला विधायकों के लिए 5 कक्ष आरक्षित किए गए हैं। भोजनालय में सदस्यों की भांति पूर्व विधायकों के लिए भी पृथक से बैठने की व्यवस्था की गई है। विधानसभा के पूर्व अध्यक्षों को पूर्व मुख्यमंत्री के समान सुविधाएं प्रदान करने हेतु प्रयास जारी हैं।

उन्होंने कहा कि पूर्व विधायकों को प्रोटोकाल में शामिल किए जाने हेतु विधानसभा अनुशंसित पत्र शासन को प्रेरित किया गया है। पूर्व विधायकों को एक वाहन में फास्ट टैग और रेल में एसी प्रथम श्रेणी में यात्रा की पात्रता दिए जाने संबंधी प्रयास किए जाएंगे।

ये भी पढ़ें- राहुल मेच्योर नहीं, उनसे ज्यादा समझदार हमारा बूथ का कार्यकर्ता : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान

संबंधित समाचार