अयोध्या: प्रधानाध्यापक ने प्रधान लिपिक को पीटा, टूटा दांत, रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोसाईगंज, अयोध्या, अमृत विचार। शिक्षा क्षेत्र मया अंतर्गत नेव कबीरपुर स्थित बाबा दूधनाथ लघु माध्यमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक ने प्रधान लिपिक को पीटने का मामला प्रकाश में आया है। जिसमें लिपिक का दांत टूट गया। लिपिक के हल्ला गुहार पर पहुंचे शिक्षक साथियों ने उसकी जान बचाई। मामले में पीड़ित लिपिक की शिकायत पर महाराजगंज पुलिस ने एफआईआर दर्जकर पड़ताल शुरू कर दी है। 

पुलिस को दी गई तहरीर में विद्यालय के लिपिक अजीत सिंह ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रदीप कुमार सिंह पर आरोप लगाया है कि एक छात्रा के द्वितीय स्थानांतरण प्रमाणपत्र व एसआर पंजिका पर जोगिंदर के स्थान पर योगेंद्र लिखने के लिए प्रधानाध्यापक ने जबरन दबाव बनाया, जिस पर नियम विरुद्ध बताते हुए लिपिक ने मना कर दिया। आरोप है कि लिपिक के मना करने पर प्रधानाध्यापक ने हमला बोल दिया और लिपिक के साथ जमकर मारपीट किया। 

मारपीट में लिपिक का दांत टूट गया व शरीर में अन्य कई जगहों पर गंभीर चोटें आई हैं। एसएचओ अनुपम मिश्रा के मुताबिक पीड़ित की तहरीर पर प्रधानाध्यापक प्रदीपकुमार सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी गई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मया बाजार के प्रभारी अंशुमान यादव ने बताया कि घटना में घायल लिपिक अजीत सिंह का प्राथमिक उपचार कर एक्स-रे आदि के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

यह भी पढ़ें:-हरदोई: लखनऊ चुंगी पहुचे एसपी राजेश द्विवेदी, चलाया गया चेकिंग अभियान, वाहन चालकों को दी हिदायत

संबंधित समाचार