अयोध्या: सांसद खेलकूद प्रतियोगिता 25 मार्च से होगी शुरू, कृषि मंत्री करेंगे उद्घाटन, समापन करेंगे डिप्टी सीएम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या, अमृत विचार। भाजपा सांसद लल्लू सिंह ने बताया कि मंडलीय और ब्लाक स्तरीय प्रतियोगिताएं सकुशल संपन्न होने के बाद अब जिला स्तरीय पांच दिवसीय सांसद खेलकूद प्रतियोगिता 25 मार्च से डा. भीमराव अंबेडकर राज्य विद्यालयी क्रीड़ा संस्थान मकबरा स्टेडियम में आयोजित की जाएगी। जिसमें संपन्न प्रतियोगिताओं की विजेता और उपविजेता टीमें प्रतिभाग करेंगी। 

महोत्सव का शुभारंभ 25 को प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही तथा समापन 29 मार्च को उपमुख्यमंत्री केशव मौर्या करेंगे। समापन समारोह में प्रतियोगिताओं के 57 स्पर्धाओं के विजयी खिलाड़ियों के अलावा राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जनपद का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित व पुरस्कृत किया जाएगा। 

शनिवार को वह सिविल लाइन स्थित पार्टी के पुराने कार्यालय पर मीडिया से मुखातिब थे। उन्होंने बताया कि 11 जनवरी से 18 फरवरी के बीच कबड्डी, खो--खो, वॉलीबाल, क्रिकेट आदि आयोजित प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ जिसमे 366 टीमों व 4392 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। 

जिला स्तरीय सांसद खेलकूद प्रतियोगिता में इन खेलों के अतिरिक्त एथलेटिक्स, टेबल टेनिस, बैडमिन्टन, ताईक्वांडों, बास्केटबॉल, हैंडबॉल, फुटबॉल की प्रतियोगिता होगी। जिसमें प्रतिभाग के लिए 1600 बालक-बालिकाओं व खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। सांसद ने बताया कि महोत्सव के दौरान बच्चों के बीच सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जा रहा है। 

आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. बांके बिहारी मणि त्रिपाठी ने बताया कि जिला स्तरीय सांसद खेल महोत्सव में 100 मी, 200 मी, 400 मी, 800 मी, 1500 मी, 3000 मी दौड़, 100 गुणा 4 मी रिले दौड़, गोला फेंक, भाला फेंक, लंबी कूद, त्रि-कूद, कबड्डी, वॉलीबाल, खो-खो, क्रिकेट, बैडमिन्टन, टेबल टेनिस, बास्केट बॉल, ताईक्वांडो, हैंडबॉल व फुटबाल की प्रतियोगिता होनी है। जिसके लिए निर्णायक मंडल तथा अन्य का गठन किया जा चुका है। इस अवसर पर संजय शर्मा, अनूप दूबे आदि मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:-अयोध्या: नसबंदी के बाद गर्भवती हुई महिला, बच्चे की परवरिश को मांगा क्लेम

संबंधित समाचार