रायबरेली: फंदे पर लटकता मिला दिहाड़ी मजदूर का शव, हाल ही में हुई थी शादी
लालगंज (रायबरेली) अमृत विचार। आधुनिक रेल कोच कारखाना में काम करने वाले एक दिहाड़ी मजदूर का शव फांसी के फंदे पर कमरे में लटकता हुआ मिला है। वह किराए के कमरे में रहता था। शव मिलने के बाद मजदूरों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। आत्महत्या के कारणों की पुलिस जांच कर रही है।
बिहार प्रांत के ग्राम गोखलपुर जिला नालंदा का मूल निवासी अमित कुमार (26 )पुत्र संजय सिंह रेल कोच में निजी कंपनी के श्रमिक था। वह रेल कारखाना के पास ही बाल्हेमऊ गांव में रज्जन गुप्ता के यहां कमरा किराए पर ले कर रह रहा था। नवंबर माह में उसका विवाह भी हुआ था। रविवार सुबह जब उसके अन्य साथी उसे ड्यूटी पर जाने के लिए बुलाने गए तो उसके कमरे का दरवाजा खड़का था।
आवाज देने पर जब वह बाहर नहीं निकला तो साथियों ने दरवाजा धकेल दिया तो अंदर वह फांसी पर लटका मिला। उसने अपने अंगौछे से ही फांसी लगा ली ।युवक के फांसी पर लटके जाने की सूचना फैलते ही हड़कंप मच गया। लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फांसी के फंदे से उतारकर कब्जे में लिया है। मृतक के परिजनों को पुलिस ने सूचना दी है। प्रभारी निरीक्षक शिव शंकर सिंह ने बताया कि परिजनों के आने पर अमित के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। तभी मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटना के विभिन्न बिंदुओं की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें:-लखनऊ: CRPF की 93वीं बटालियन पर CBI की रेड, आय से 5.61 करोड़ रुपये की अधिक संपत्ति मिली
