मुरादाबाद : 'युवाओं को उच्च शिक्षित कर आगे बढ़ाएं, राजनीतिक अधिकार भी हासिल करें'

वन एवं पर्यावरण मंत्री डा. अरुण कुमार सक्सेना ने कहा- दहेज प्रथा के विरोध में मजबूती से खड़ा हो कायस्थ समाज, दे प्रदेश के विकास में अहम योगदान

मुरादाबाद : 'युवाओं को उच्च शिक्षित कर आगे बढ़ाएं, राजनीतिक अधिकार भी हासिल करें'

मुरादाबाद, अमृत विचार। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की ओर से आयोजित कायस्थ शिरोमणि नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा के लोकार्पण रविवार को प्रदेश सरकार में वन एवं पर्यावरण मंत्री डा. अरुण कुमार सक्सेना ने लाइनपार के सुभाष पार्क में किया।  महासभा के महानगर अध्यक्ष व निवर्तमान पार्षद डॉ. गौरव श्रीवास्तव के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन वन एवं पर्यावरण मंत्री डा. अरुण कुमार सक्सेना, निवर्तमान महापौर विनोद अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष डा. गौरव श्रीवास्तव आदि ने किया। 

मुख्य अतिथि वन एवं पर्यावरण मंत्री ने कहा कि कायस्थ शिरोमणि नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा का लोकार्पण कराकर अखिल भारतीय कायस्थ महासभा ने समाज को गौरव प्रदान किया है। यह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि भगवान चित्रगुप्त के वंशजों का दायित्व समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण है। क्योंकि इस प्रबुद्ध वर्ग से समाज को बहुत उम्मीद रहती है।  उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ राजनीतिक अधिकार भी जरूरी है। इसके लिए समाज को एकजुट रहना होगा। उन्होंने कहा कि नेताजी ने महज नौ महीने में तत्कालीन आईसीएस की परीक्षा पास की थी। लेकिन उन्होंने देश सेवा के लिए नौकरी छोड़कर स्वतंत्रता संग्राम आंदोलन में कूद पड़े। उन्होंने आजाद हिंद फौज बनाकर देश की आजादी के लिए निर्णायक भूमिका निभाई। उन्होंने महात्मा गांधी को हराकर कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव जीता था।

मुख्य अतिथि वन एवं पर्यावरण मंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार मिलकर जन कल्याण के लिए कार्य कर रही है। अपराध, गुंडागर्दी, भ्रष्टाचार मुक्त प्रदेश की दिशा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी सरकार काम कर रही है। यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट ने पूरे विश्व में प्रदेश की छवि को औद्योगिक विकास के लिए नया इतिहास रचा है। उन्होंने कहा कि कायस्थ समाज आपस में एकजुटता के साथ रहकर काम करें। वह अपने समाज के हित में हमेशा खड़े हैं। उन्होंने कायस्थ समाज से दहेज प्रथा के समाप्त करने के लिए आगे आने का आह्वान किया। कहा बच्चों, युवाओं को उच्च शिक्षित कर आगे बढ़ाएं। विशिष्ट अतिथि निवर्तमान महापौर विनोद अग्रवाल ने कहा कि नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा का लोकार्पण पूरे महानगर और जिले का सम्मान है। महापुरुषों के जीवन और प्रेरणास्रोत से प्रेरणा लेकर प्रदेश के विकास में सर्वश्रेष्ठ योगदान करने को तत्पर रहें।

ये भी पढ़ें :  मुरादाबाद : बकाया जमा न करने पर दो प्रतिष्ठान सील, नोकझोंक के बीच 21.19 लाख वसूले