अयोध्या: नागरिकों में कर्तव्य की भावना पर युवाओं ने रखा अपना मनोभाव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नेहरु युवा केन्द्र ने आयोजित किया जिला युवा उत्सव

अमृत विचार, अयोध्या। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेलकूद मंत्रालय के निर्देश पर नेहरू युवा केन्द्र की ओर से नगर के केटी पब्लिक स्कूल में जिला युवा उत्सव का आयोजन किया गया। जिसका उद्घाटन सांसद लल्लू सिंह और समापन व पुरस्कार वितरण विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने किया। 
  
जिला युवा उत्सव के तहत इस बार भारत सरकार की ओर से तय विषय नागरिकों में कर्तव्य की भावना पर कविता, भाषण, चित्रकला, मोबाइल फोटोग्राफी और सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम शुभारंभ करने के बाद मुख्य अतिथि सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार सर्वागीण विकास के साथ युवाओं के बौद्धिक व शारीरिक विकास में जुटी हैं। जिसके लिए विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिता और महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। युवाओं में कर्तव्य की भावना का संचार करने के लिए नेहरू युवा केन्द्र को जिम्मा दिया गया है। उन्होंने नसीहत दी कि संगठन का प्रयास कार्यक्रमों से पड़ने वाले प्रभाव पर केंद्रित होना चाहिए न कि केवल आयोजन सम्पन्न कराने पर। 

कार्यक्रम का समापन और पुरस्कार वितरण करते हुए नगर विधायक वेदप्रकाश गुप्ता ने युवाओं से अधिकारों के साथ कर्तव्य पर केन्द्रित होने तथा इसका अपने दैनिक जीवन में पालन की अपील की। जिससे देश को राष्ट्र प्रेम का भाव विकसित कर विश्व गुरु बनाया जा सके। विधायक ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजयी प्रतिभागियों को मेडल, प्रमाण पत्र और अंगवस्त्र देकर सम्मानित व पुरस्कृत किया। समारोह को विशिष्ट अतिथि आशा देवी भगवान बख्श सिंह महाविद्यालय के प्रबंधक भगवान बख्श सिंह ने भी सम्बोधित किया। 

अतिथियों को जिला युवा अधिकारी श्रीमती मीनू वोहरा, लेखा एवं कार्यक्रम सहायक सौरभ रस्तोगी ने स्मृति चिन्ह व अंगवस्त्र भेंट किया। संचालन केन्द्र के श्रवण कुमार और आभार ज्ञापन जिला युवा अधिकारी ने किया। 

प्रतियोगिताओं में इन्होनें मारी बाजी 
नेहरू युवा केन्द्र के जिला युवा उत्सव में सम्पन्न प्रतियोगिताओं में मोबाइल फोटोग्राफी में रोहित को प्रथम, राजेन्द्र को दिरतीय व सत्यम को तृतीय, कविता प्रतियोगिता में ऋषभ यादव को प्रथम, नीलेश को दिरतीय व करुणा गुप्ता को तृतीय, चित्रकला में रोशनी को प्रथम, साक्षी उपाध्याय को दिरतीय व दृष्ट पांडेय को तृतीय। भाषण प्रतियोगिता में कौशिकी को प्रथम, शेषाद्री को दिरतीय व अभिषेक श्रीवास्तव को तृतीय स्थान तथा सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता में पलक की टीम को प्रथम, सोनाली की टीम को दिरतीय व पवन तिवारी की टीम को तृतीय स्थान हासिल हुआ।

ये भी पढ़ें - 

संबंधित समाचार