शाहजहांपुर: झोलाछाप की दवाई खाकर बुखार पीड़ित युवक की मौत, रिपोर्ट दर्ज
गुस्साए परिजनों ने थाने के सामने शव रखकर किया प्रदर्शन, सीओ के आश्वासन पर खुला जाम
अल्हागंज/शाहजहांपुर, अमृत विचार। कस्बे के मोहल्ला मेवाती निवासी युवक ने बुखार आने पर झोलाछाप डॉक्टर से दवाई लेकर खा ली, जिससे उसकी जान चली गई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई नहीं की तो गुस्साए परिजनों ने थाने के सामने शव रखकर प्रदर्शन किया। थाने के सामने प्रदर्शन देख पहुंचे इंस्पेक्टर प्रदीप सेहरावत ने परिजनों की बात सुनी और तहरीर देने को कहा।
मृतक के पिता अखिलेश कुमार की तहरीर पर पुलिस ने झोलाछाप डॉक्टर पृथ्वीराज कुशवाहा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इस दौरान स्टेट हाइवे पर करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
कस्बा अल्हागंज के मोहल्ला मेवाती निवासी अखिलेश कुमार के 18 वर्षीय पुत्र अजय कुमार को दो दिन से बुखार आ रहा था। शनिवार को अजय कस्बे के एक झोलाछाप डाक्टर के यहां से दवा लेकर शाम को आया। उसके बेटे ने रात में दस बजे दवा खाई और दवा खाते ही उसका जी मिचलाने लगा और मुंह लाल हो गया। अजय को उल्टी होने के साथ-साथ मुंह से झाग आने लगा। रात में 11 बजे उसकी घर पर ही मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि झोला झाप पर रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस ने रात में ही तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
रिपोर्ट दर्ज न करने पर परिवार वाले नाराज हो गए। परिवार वाले सुबह नौ बजे शव लेकर थाना गेट पर पहुंचे। परिवार वालों ने जलालाबाद-फर्रुखाबाद स्टेट हाइवे पर थाना गेट के सामने शव राखकर जाम लगा दिया। पुलिस के विरोध में जमकर नारेबाजी की। थाना प्रभारी प्रदीप सेहरावत आए और परिवार वालों से जाम खोलने के लिए कहा गया।
इस दौरान स्टेट हाइवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गयी। सूचना मिलने पर सीओ जलालाबाद अजय कुमार राय जाम स्थल पर पहुंचे और परिवार वालों से जानकारी की। परिवार वालों ने बताया कि कई घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस डाक्टर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही है।
सीओ ने आश्वासन दिया कि तहरीर दे और रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। इस आश्वासन पर जाम खत्म हुआ। दो घंटे तक लगे जाम में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में पुलिस ने झोला छाप के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: नजूल की भूमि पर बने हाकी क्लब पर प्रशासन का कब्जा
