बहराइच: मांगों को लेकर भमकिस राष्ट्रवादी ने किया प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन
बहराइच, अमृत विचार। भारतीय मजदूर किसान संगठन राष्ट्रवादी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। सभी ने प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा।
भारतीय मजदूर किसान संगठन राष्ट्रवादी के बहराइच और श्रावस्ती के पदाधिकारी सोमवार को कलेक्ट्रेट में एकत्रित हुए। संगठन के राष्ट्रीय महासचिव राकेश डेविड की अगुवाई में सभी ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि सरकारी डॉक्टर गरीब लोगों को महंगी दवा और जांच के नाम पर लूट रहे हैं। लेकिन शिकायत के बाद भी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। जिला उपाध्यक्ष यूसुफ हुसैन चांद ने कहा कि श्रम विभाग के आपरेटर श्रमिक परिवार को पंजीकरण के नाम पर परेशान कर रहे हैं। अंशदान जमा करने के नाम पर सभी को बार बार दौड़ाया जा रहा है।
पयागपुर तहसील के अध्यक्ष श्याम बिहारी वैश्य ने कहा कि जनपद के सभी ग्राम पंचायत में समाज कल्याण विभाग की ओर से शिविर लगाकर पात्र लोगों को विधवा, वृद्धा और अन्य पेंशन योजना का लाभ दिलाया जाए। प्रदर्शन के बाद सभी ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट ज्योति राय को सौंपा। इस दौरान काफी संख्या में श्रमिक परिवार के लोग मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें -बहराइच: जमीन की पैमाईश कर तहसीलदार ने अपने सुपुर्द लिया
