बाबा का चमत्कार देखने नोएडा से भक्त आया कानपुर, अचानक पहुंचा पुलिस कमिश्नर कार्यालय, हैरान कर देगी यह घटना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर के करौली सरकार आश्रम में बाबा ने साथियों के साथ भक्त को पीटा।

बाबा का चमत्कार देखने के लिए भक्त नोएडा से कानपुर आ गया। यहां बाबा द्वारा किए गए चमत्कार में विफल होने पर पीड़ित ने जब विरोध किया। बाबा ने अपने साथियों के साथ मिलकर भक्त की पिटाई कर दी।

कानपुर, अमृत विचार। सोशल मीडिया पर बाबा के चमत्कारों की जानकारी उत्साहित भक्त नोएडा से परिवार संग बाबा का चमत्कार देखने बिधनू के करौली सरकार आश्रम आया। भक्त द्वारा चमत्कार का प्रभाव न होने की बात से नाराज बाबा व उसके सहयोगियों ने भक्त को लाठी-डंडों से पीट कर बुरी तरह लहूलुहान कर दिया। पीड़ित ने इलाज के बाद पुलिस कमिश्नर से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई। पुलिस कमिश्नर के आदेश पर बिधनू थाने में बाबा व उसके सहयोगियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया।
 
नोएडा के गौतम बुद्ध नगर निवासी डा. सिद्धार्थ चौधरी पत्नी प्रियंका व माता-पिता संग बीती 22 फरवरी को बिधनू स्थित करौली सरकार आश्रम में आए थे। सिद्धार्थ ने बताया कि सोशल मीडिया पर उन्होंने करौली बाबा के चमत्कारों के बारे में खूब सुना था, जिससे प्रभावित होकर वह परिवार सहित बाबा का चमत्कार देखने आए थे। कई घंटों तक लाइन में लगने के बाद बारी आने पर सिद्धार्थ ने अपनी समस्याओं के निवारण के लिए चमत्कार दिखाने की बात कही। बाबा द्वारा कई बार प्रयास करने के बाद भी सिद्धार्थ पर कोई प्रभाव न होने पर उन्होंने चमत्कार की बात नकार दी।
 
चमत्कार को नकारे जाने से नाराज बाबा संतोष सिंह भदौरिया उर्फ करौली बाबा ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर युवक के साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर दी। पीड़ित ने बताया कि परिजनों के माफी मांगने पर बाबा व उसके सहयोगियों ने उसे छोड़ा। परिजन लहूलुहान स्थिति में पीड़ित को लेकर नोएडा आ गए। इलाज के बाद पीड़ित युवक ने पुलिस कमिश्नर बीपी जोगदंड से शिकायत की। पुलिस कमिश्नर के आदेश पर बिधनू पुलिस ने करौली बाबा व उसके सहयोगियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया। एसीपी घाटमपुर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, जो भी तथ्य सामने आएगें उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। 

 

संबंधित समाचार