साहब! मेरी पत्नी व बच्चें को मालिक ने भट्ठे में झोंक दिया, घटना की जानकारी पाकर दौड़ी पुलिस, निकला ये मामला
फर्रुखाबाद में युवक ने पुलिस को दी झूठी सूचना।
फर्रुखाबाद में पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी कि मेरी पत्नी व बच्चें को मालिक ने भट्ठे में झोंक दिया। इसकी सूचना मौके पर मौके पर पुलिस पहुंची। मौके पर पहुंचने पर मामला झूठा निकला।
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। साहब मेरी पत्नी और बच्चे को मालिक ने भट्ठे की आग में झोंक दिया है। इस तरह की सूचना मिलने ही पुलिस के हाथपांव फूल गए। आनन फानन में पुलिस भट्ठे पर पहुंची और मजदूरों से पूछताछ की, पत्नी कायमगंज में होने की जानकारी पर पुलिस ने शिकायतकर्ता के पुत्र का मोबाइल नंबर लेकर बात की, तब पुलिस ने राहत की सांस ली। शिकायतकर्ता का पुलिस ने शांतिभंग में चालान कर दिया है।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव खिनमिनी निवासी शिवनारायण ने मंगलवार को यूपी 112 पर फोन कर कहा कि उसकी पत्नी और बच्चे को भट्ठा मालिक ने भट्ठे की आग में झोंक दिया है। यूपी 112 के पुलिस कर्मियों ने इसकी जानकारी मऊदरवाजा थानाध्यक्ष आमोद कुमार को दी। वह पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और भट्ठे के मजदूरों से घटना को लेकर पूछताछ की। मजदूरों व मुनीम ने बताया कि शिव नारायण झूठी शिकायत कर कर किसी को परेशान करता है।
मजदूरों ने बताया कि शिव नारायण की पत्नी कायमगंज में रहती है। शिव नारायण के भतीजे दुर्गेश ने अपने मोबाइल से शिवनारायण के पुत्र अनुराग से एसओ की बात कराई। अनुराग ने बताया कि मां कायमगंज स्थित घर में सही सलामत है। झूठी सूचना देने पर पुलिस ने शिव नारायण को पकड़ लिया और उसका शांतिभंग में चालान कर दिया ।
