बरेली: आज चांद दिखा तो होगा रमजान का आगाज, कल होगा पहला रोजा

बरेली: आज चांद दिखा तो होगा रमजान का आगाज, कल होगा पहला रोजा

बरेली,अमृत विचार। रमजान की आमद होने वाली है। आज शाम मगरिब की नमाज के बाद चांद दिखा तो रमजान का आगाज हो जाएगा और ईशा की नमाज के साथ तरावीह की नमाज भी अदा की जाएगी और कल पहला रोजा होगा। अगर चांद नहीं दिखा तो शक्रवार को पहला रोजा होगा और कल रात से तरावीह की नमाज शुरू होगी। दरगाह आला हजरत की तरफ से भी सभी लोगों से चांद देखने की अपील की गई है।

बता दें कि इस मुकद्दस माहे रमजान में तीन अशरे होते हैं। पहला अशरा दस दिन का होता है। पहला अशरा रहमत का, दूसरा अशरा मगफिरत का और तीसरा अशरा दोजख से निजात का होता है। इस महीने में सभी मुसलमान विशेष इबादत करते हुए नजर आते हैं। खुदा की इबादत के बाद विशेष दुआ करते हैं। उलेमा के मुताबिक माहे रमजान में जन्नत के सभी आठ दरवाजे खोल दिये जाते हैं। इन आठ दरवाजों में एक दरवाजे का नाम रय्यान है और कयामत के दिन इस दरवाजे से सिर्फ रोजेदार ही गुजरेंगे। इस मुकद्दस माहे रमजान में देर शाम ईशा की नमाज के बाद नमाज-ए-तरावीह अदा की जाती है। सुबह 4:30 बजे से पहले सहरी खाने के बाद हर रोजेदार पूरे दिन बिना कुछ खाए रहता है। शाम को मगरिब की अजान के समय रोजा इफ्तार करता है। यह सिलसिला पूरे माहे रमजान में चलता है।

ये भी पढे़ं- बरेली: आरएसी ने जारी की रमजान की खास जंत्री, हालात के मद्देनजर दिए गए अहम पैगाम