Banda: कर्वी विधायक, ब्लाक प्रमुख सहित 25 पर मुकदमा, खदान संचालक ने JCB व पोकलैंड मशीनें जलाने का लगाया आरोप
बांदा में कर्वी विधायक, ब्लाक प्रमुख सहित 25 पर मुकदमा।
बांदा में कर्वी विधायक, ब्लाक प्रमुख सहित 25 पर मुकदमा। खदान संचालक ने कमासिन के लोहरा खदान में जेसीबी व पोकलैंड मशीनें जलाने का आरोप लगाया।
बांदा, अमृत विचार। चित्रकूट जनपद के गडौली घाट में किशोर सचिन की डूबने से हुई मौत के मामले में खदान संचालकों की ओर से कमासिन के लोहरा बालू खदान में जेसीबी और पोकलैंड मशीनों को आग लगाने और 19 हजार रुपए लूटने का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में मंगलवार को कमासिन थाने में कर्वी विधायक, ब्लाक प्रमुख कमासिन समेत 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
चित्रकूट जनपद के गड़ौली घाट में किशोर सचिन की डूब कर मौत गई थी, जिसके बाद ग्रामीणों ने आक्रोशित होकर सीमापार कमासिन थाने की लोहरा बालू खदान में धावा बोल दिया था। आरोप है कि लोगों ने जेसीबी और पोकलैंड मशीन को आग के हवाले कर दिया था। खदान के पट्टाधारक बनवारी लाल शर्मा ने कमासिन थाने में तहरीर देकर बताया है कि ब्लाक प्रमुख कमासिन की अगुवाई में आक्रोशित ग्रामीणों ने खदान में रखा 12 सौ लीटर डीजल पोकलैंड व जेसीबी मशीनों पर डाल आग के हवाले कर दिया।
इसके अलावा कर्मचारियों के खर्च के लिए रखे 19 हजार रुपए भी लूट लिए और उनका राशन पानी नदी में फेंक दिया। तहरीर के अनुसार कमासिन थाना पुलिस ने कर्वी सदर विधायक, ग्राम प्रधान लोहरा, कमासिन ब्लाक प्रमुख समेत दर्जनभर नामजद और 25 से 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। बनवारी लाल ने बताया कि फरवरी माह से जब से खदान का संचालन किया गया, उसी समय से ब्लाक प्रमुख कमासिन द्वारा रंगदारी मांगी जा रही थी, न देने पर करीब 15 बार बांगैं नदी में बांदा एवं चित्रकूट जनपद के आला अधिकारियों द्वारा नापजोख की गई थी।
जिसका सीमांकन भी किया गया था किशोर के डूबने का बहाना मिल जाने पर घटना को अंजाम दिया गया। वैध खदान के संचालन में आए दिन अड़ंगेबाजी की जा रही थी। थानाध्यक्ष संदीप कुमार सिंह ने बताया है 12 नामजद सहित 20-25 अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
