रायबरेली: बिसैया गांव में मिला पक्षी विहार से लापता सारस, अमेठी के आरिफ से लाकर समसपुर में छोड़ा गया था पक्षी

रायबरेली: बिसैया गांव में मिला पक्षी विहार से लापता सारस, अमेठी के आरिफ से लाकर समसपुर में छोड़ा गया था पक्षी

रायबरेली, अमृत विचार। अमेठी के जामो के  आरिफ से दोस्ती को लेकर सुर्खियों में आया सारस पक्षी लापता होने के 6 घंटे बाद पक्षी विहार से पांच किमी दूर बिसैया गांव में मिला है। इस पक्षी को वन अधिकारियों ने मंगलवार को आरिफ के पास से लाकर पक्षी विहार में छोड़ा था। बुधवार दिन में चार बजे के बाद से सारस गायब हो गया था। उसके बाद वन विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। 

सारस को आरिफ से अलग करने फिर पक्षी विहार से उसके लापता होने पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सवाल खड़ा करते हुए सरकार को घेरा था। चारों तरफ से आलोचना के बाद सक्रिय हुए वन विभाग ने देर रात सारस को पक्षी विहार से करीब पांच किमी दूर बिसैया गांव से बरामद किया है।

 बताया जाता है कि सारस विचरण करते हुए पक्षी विहार से निकलकर गांव में पहुंच गया था। जहां पर ग्रामीणों ने उसे रोटी और अन्य खाद्य पदार्थ दिया था। ग्रामीणों ने बताया कि सारस ने बड़े चाव से भोजन किया है। ज्ञात हो कि यह सारस पक्षी उस समय चर्चा में आया था,जब आरिफ नाम के शख्स के साथ उसकी दोस्ती के किस्से सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे।

खुद सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आरिफ और सारस की दोस्ती देखने जामो पहुंचे थे। उसके बाद प्रशासनिक अमले में सक्रियता बढ़ी और सारस को आरिफ से अलग करके उसे पक्षी विहार में छोड़ दिया गया था। क्षेत्रीय वन अधिकारी रूपेश श्रीवास्तव ने बताया कि सारस विसैया गांव में मिल गया है। उसे पक्षी विहार में रखा गया है। अब उसकी विशेष निगरानी की जा रही है।

यह भी पढ़ें:-उमेश पाल हत्याकांड: माफिया अतीक अहमद के साढ़ू के अवैध प्लाटिंग पर आज चलेगा बुलडोजर