मुरादाबाद : उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा- लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 80 सीटें जीतेगी भाजपा

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

हिंदू नव वर्ष व संवत्सर की बधाई देकर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में भरा जोश

मुरादाबाद, अमृत विचार। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 80 लोकसभा की सीटों पर भाजपा जीतेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर प्रचंड बहुमत की जीत के साथ देश का नेतृत्व करेंगे। इसके लिए पार्टी के जन प्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को मिलकर काम करना होगा। 

उप मुख्यमंत्री ने गुरुवार को बुद्धि विहार स्थित भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में पार्टी के कोर कमेटी के सदस्यों के साथ ही सभागार में जिला, महानगर और मंडल अध्यक्ष आदि पदाधिकारियों और जन प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने भारत माता और जय श्री राम का जयघोष कर संबोधन शुरू किया। उन्होंने नव संवत्सर हिंदू नव वर्ष, श्रीरामनवमी और नवरात्र की शुभकामनाएं देकर कहा कि वह आज भी कार्यकर्ता हैं क्योंकि यही पद स्थायी है। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव के साथ लोकसभा चुनाव की तैयारियों में कसर न रहे। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जहां हमें विधानसभा चुनाव में जीत नहीं मिली थी उन विधानसभा क्षेत्र में विशेष रूप से मेहनत कर पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करना है।

बैठक में नगर विधायक रितेश कुमार गुप्ता, विधान परिषद सदस्य डा. जयपाल सिंह व्यस्त, गोपाल अंजान, सतपाल सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष डा. शेफाली सिंह, जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह चौहान, निवर्तमान महापौर विनोद अग्रवाल, पूर्व सांसद सर्वेश कुमार सिंह, केके मिश्रा, महानगर अध्यक्ष धर्मेंद्र नाथ मिश्रा, महानगर मीडिया प्रभारी राहुल सेठी, महानगर मंत्री सहित अन्य पदाधिकारी, नगर निगम के निवर्तमान पार्षद, मंडलों के अध्यक्ष आदि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें:  मुरादाबाद : 85 करोड़ से तारों के मकड़जाल से मुक्त होंगी महानगर की सड़कें

संबंधित समाचार