अयोध्या: महिला पुलिसकर्मियों की जन-जागरण रैली लखनऊ रवाना, विधायक और अधिकरियों ने दिखाई हरी झंडी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या/अमृत विचार। प्रदेश सरकार के एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर मिशन शक्ति अभियान को परवान चढ़ाने के लिए निकली महिला पुलिसकर्मियों की जन- जागरण रैली को गुरुवार को पुलिस लाइन ग्राउंड से समारोहपूर्वक लखनऊ के लिए रवाना किया गया। जिले के विधायकों और पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।  रैली को चैत्र प्रतिपदा नवरात्र के प्रथम दिन बलरामपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रवाना किया था। जनजागरण रैली ललितपुर पहुँच संपन्न होनी है।  

पुलिस लाइन ग्राउंड पर आयोजित फ्लैग आफ समारोह को संबोधित करते हुए नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार ने महिलाओं के सम्मान, स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता के लिए मिशन शंक्ति अभियान शुरू किया है। साथ ही महिलाओं के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। केंद्र और प्रदेश की सरकार महिलाओं को सम्मान दिलाने में जुटी है। उपासना के इस पर्व पर निकली यह जन-जागरण रैली अपने उद्देश्य में सफल होगी।

रुदौली विधायक रामचन्दर यादव ने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं की उन्नति के लिए प्रतिबद्ध है। पंचायत और नगर निकाय में आधी आबादी को प्रमुखता दी जा रही है। आज बेहतर कानून व्यवस्था के चलते महिलाएं अपने को सुरक्षित महसूस कर रही हैं।

मंडलायुक्त गौरव दयाल और आईजी प्रवीण कुमार ने मिशन शक्ति अभियान पर प्रकाश डालते हुए विश्वास जताया कि महिला पुलिसकर्मियों की यह रैली आम लोगों को जागरूक करने तथा समाज में अपना एक स्पष्ट प्रभाव छोड़ने में सफल साबित होगी। एसएसपी मुनिराज जी ने बताया कि आदिशक्ति मां पाटेश्वरी देवी मंदिर जनपद बलरामपुर से शुरू यह रैली यहां से लखनऊ के लिए रवाना की गई है। जो लखनऊ, कानपुर, हमीरपुर, उरई/जालौन, झांसी होते हुए ललितपुर पहुँच संपन्न होगी।

इस अवसर पर विधायकगण के आलावा मण्डलायुक्त गौरव दयाल, पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार,एसएसपी मुनिराज जी समेत एसपी देहात अतुल कुमार सोनकर, एसपी सिटी मधुबन सिंह, सभी सीओ तथा अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:-अखिलेश यादव पर भड़के डिप्टी सीएम केशव मौर्य, कहा- उनका बस चले तो मेरी हत्या करवा दें

संबंधित समाचार