खटीमा: राइस मिलर को पत्र में भेजा .32 बोर का कारतूस, 3.5 बिट क्वाइन की मांगी रंगदारी
खटीमा, अमृत विचार। क्षेत्र के प्रमुख राइस मिलर जुनेजा एग्रो ईडस्ट्रीज राइस मिल के स्वामी देवेंद्र कुमार जुनेजा को पत्र में कारतूस भेजकर रंगदारी मांगने का मामला प्रकाश आते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। एसएसआई अशोक कुमार ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के बाद जांच तेज कर दी है। उनके अनुसार आरोपी ने पत्र में .32 बोर का कारतूस भेजकर राइस मिलर्स से 3.5 बिट क्वाइन की रंगदारी मांगी है जो अपने किस्म का पहला मामला है।
कोतवाली पुलिस के अनुसार पुलिस को सौंपी तहरीर में लोहियाहेड रोड निवासी राइस मिलर देवेंद्र कुमार जुनेजा ने कहा है कि उसकी आदर्श इंडस्ट्रीज टनकपुर रोड खटीमा व जुनेजा एग्रो इंडस्ट्रीज पीलीभीत रोड ग्राम भगचुरी जमौर में है। 12 फरवरी को उनकी फर्म जुनेजा एग्रो इंडस्ट्रीज पीलीभीत रोड ग्राम भगचुरी जमौर में डाक से एक लिफाफा प्राप्त हुआ। जिसके अंदर एक छोटी सी डिब्बी में एक .32 बोर पिस्टल का कारतूस और एक टाईप किया पत्र मिला।
बदमाश ने पत्र में लिखा है कि इस बार गोली भेज रहे हैं। पत्र में इस बार भी सही से नहीं समझने पर परिजनों के जान माल की धमकी दी गई है। मिलर्स के अनुसार उनसे 3.5 बिट क्वाइन की रंगदारी मांगी गई है। पत्र में 15 फरवरी तक 1.5 बिट काइन नहीं दिए तो डील खत्म और शेष 2 बिट काइन के लिए 25 फरवरी तक का समय दिया है।
व्यापारी ने किा कि कहा है कि काफी दिनों बाद किसी तरह हिम्मत जुटाकर थाने पहुंचे हैं। जुनेजा अपने साथ पत्र व कारतूस भी लेकर पहुंचे थे। पुलिस अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
