बांदा: पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर पति ने फंदा लगाकर की खुदकुशी
कमासिन थाना क्षेत्र के मुसीवां गांव में हुई घटना
अमृत विचार,बबेरू/ बांदा। पति-पत्नी के बीच हुए विवाद पर पति ने पहले पत्नी की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद पति कमरे के अंदर लकड़ी की बल्ली में रस्सी से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना की जानकारी उस वक्त हुई जब मृतका की मां घर पहुंची। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कमासिन थाना क्षेत्र के बंथरी गांव निवासी पूनम (22) पत्नी राममिलन अपने मायके मुसीवां गांव में रह रही थी। गुरुवार की सुबह घर पर पति और पत्नी ही अकेले थे। दोपहर को किसी बात को लेकर दोनो के बीच विवाद हो गया। इसी विवाद के चलते पति ने पूनम की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। बाद में पुलिसिया कार्रवाई से बचने के लिए राममिलन (25) पुत्र शिवभवन ने कमरे के अंदर छप्पर की धन्नी में रस्सी से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली।
दोपहर को स्कूल से घर पहुंची बदमिया ने देखा तो पूनम जमीन पर मृत अवस्था में पड़ी थी। दामाद राममिलन का शव कमरे के अंदर फंदे पर लटक रहा था। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ बबेरू राकेश सिंह ने बताया कि दोनो के बीच विवाद हुआ है। इसी के चलते पहले पति ने पूनम की गला घोंटकर हत्या कर दी। बाद में खुद भी वह फंदे पर झूल गया। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
ये भी पढ़ें - प्रयागराज: माफिया अतीक के साढू की 300 बीघे के प्लाट पर चला बुलडोजर
