रामपुर : मसवासी जंगल में फिर दिखा तेंदुआ, ग्रामीणों में दहशत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने की तेंदुए के पदचिन्हों की पुष्टि

रामपुर/मसवासी, अमृत विचार। खेत पर दौड़ लगाते हुए तेंदुए के देखे जाने से ग्रामीणों में फिर दहशत का माहौल बना हुआ है। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने तेंदुए के पदचिन्ह होने की पुष्टि की है। 
 
मामला क्षेत्र के करीमपुर गांव का है। करीमपुर गांव में कुंडा तालाब के निकट दौलत सिंह, नीरज सिंह व लालसिंह का खेत हैं। गुरुवार को लालसिंह का बेटा प्रशांत अपने खेत पर मिर्च व लहसुन की फसल देखने गया था। तभी अचानक प्रशांत ने खेत में टहलते हुए तेंदुए को देखा। जिसे देखकर उसके होश उड़ गए। प्रशांत तेंदुआ को देखकर तुरंत छुप गया और आनन फानन में प्रशांत ने गांव के लड़कों को फोन कर मौके पर बुला लिया। जिस पर प्रशांत ने खेत में दौड़ लगाते हुए तेंदुए की अपने फोन में वीडियो बना ली। कुछ देर तक तो तेंदुआ खेत में टहलता रहा उसके बाद अचानक गन्ने के खेत में जाकर छिप गया। 

ग्रामीणों के द्वारा वन विभाग को सूचना दी गई। सूचना पर वन दरोगा शील कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने पूरे खेत में अच्छी तरह छानबीन की तब टीम को खेत में जगह-जगह पदचिन्ह छपे हुए मिले। वन विभाग ने पुष्टि की है कि खेत में जगह-जगह छपे पदचिन्ह तेंदुए के ही हैं। इसके बावजूद भी वन विभाग के द्वारा तेंदुए को पकड़ने का कोई प्रयास नहीं किया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी और टीम के द्वारा ग्रामीणों को कहा गया है कि यदि तेंदुआ जंगल में किसी जानवर का शिकार कर ले। तब उसकी सूचना तुरंत वन विभाग की टीम को दें। इसके बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। 

इससे ऐसा प्रतीत होता है कि वन विभाग की टीम को किसी अनहोनी का इंतजार है। उधर ग्रामीण खेतों पर जाने से कतरा रहे हैं। खेतों पर ग्रामीणों की गेहूं की फसल तैयार है। लेकिन वह अपनी फसल को देखने जाने के लिए भी बेहद मजबूर बने हुए हैं। उधर मामले की जानकारी पर वन दरोगा शील कुमार ने बताया है कि गांव के जंगल में तेंदुए के पदचिन्ह मिले हैं। तेंदुए की लोकेशन ट्रेस की जा रही है। जहां भी तेंदुए के होने की पुष्टि पाई जाएगी। वहां तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगा दिया जाएगा।

ये भी पढ़ें:- रामपुर: छह दिन बाद फिर लटका आरपीएस में ताला, प्रशासनिक अधिकारियों ने लिया जायजा

संबंधित समाचार