लखनऊ में दो भवन स्वामी पर FIR, ध्वस्त होगा निर्माण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

20 मार्च को एलडीए द्वारा सील निर्माणाधीन होटल खोला

अमृत विचार, लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) द्वारा सील किया गया निर्माणाधीन होटल उसी रात भवन स्वामी ने खोल दिया और चोरी-छिपे निर्माण कराते रहे। जबकि पुलिस अभिरक्षा में भवन सौंपा गया था। जिसे टीम ने दोबारा सील कर दो भवन स्वामियों पर आशियाना थाने में एफआइआर दर्ज कराई गई है। अब जल्द भवन ध्वस्त किया जाएगा।

जोन-2 के विशेष कार्याधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि 20 मार्च को थाना आशियाना अंतर्गत सेक्टर-एन में टीम ने निर्माणाधीन होटल सील किया था। जो बिना मानचित्र स्वीकृत कराए भवन स्वामी हरप्रीत कौर व सर्वजीत सिंह ने तीन मंजिल तक बनाया था। सील होटल स्थानीय पुलिस अभिरक्षा में सौंपा दिया था। इसके बाद भी उसी रात भवन स्वामी ने सील तोड़ दी और निर्माण व फिनिशिंग संबंधित कार्य कराने लगे। यह जानकारी होने पर गुरुवार को टीम भेजकर दोबारा निर्माणाधीन होटल सील कर दिया। साथ ही थाना आशियाना में अवर अभियंता बिजेन्द्र कुमार सिंह ने हरप्रीत कौर व सर्वजीत सिंह के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई है। अब यह निर्माण ध्वस्त किया जाएगा।

कृष्णानगर में निर्माणाधीन काॅम्पलेक्स सील
एलडीए की टीम ने जोन-3 के अंतर्गत कृष्णा नगर में अभियान चलाया और यातायात पार्क के पास एक बिना मानचित्र के बन रहा काॅम्पलेक्स सील कर दिया। जोनल अधिकारी डॉ. अरुण कुमार सिंह ने बताया कि कृष्णा नगर के नारायणपुरी में यातायात पार्क के पास 3500 वर्गफिट में अशोक यादव द्वारा कॉम्पलेक्स का निर्माण कराया जा रहा था। जिसका मानचित्र स्वीकृत नहीं था। विहित न्यायालय में स्वीकृत मानचित्र या साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किए थे। न्यायालय से आदेश जारी होने पर सहायक अभियंता वाईपी सिंह, अवर अभियंता भरत पांडेय व जगदीश सिंह ने पुलिस बल के साथ निर्माणाधीन कॉम्लपेक्स सील कर दिया है।

ये भी पढ़ें - अयोध्या: समाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए 11 महिलाओं को मिला सुषमा स्वराज सम्मान

संबंधित समाचार