अयोध्या: समाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए 11 महिलाओं को मिला सुषमा स्वराज सम्मान
अमृत विचार, अयोध्या। पार्टी कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा की ओर से सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए 11 महिलाओं को सुषमा स्वराज अवार्ड व राममंदिर का माडल प्रदान किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय व डा श्यामा प्रसाद मुखर्जी के प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्जवलन से हुआ।
महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री डॉ. ममता पांडेय ने कहा कि आदि काल से महिलाएं मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। कोविड काल में महिला डाक्टरों, नर्सों आशा वर्करों, आंगनवाडी कार्यकर्ताओं ने अपने जीवन की परवाह न करते हुए अपनी सेवाएं दी है। टीकाकरण अभियान की सफलता में सबसे बड़ा योगदान महिलाओं का रहा है। जिलाध्यक्ष संजीव सिंह ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए सरकार मिशन शक्ति अभियान चला रही है। बेटियों को गुणवक्तापूर्ण शिक्षा के साथ गरीब महिलाओं को उज्जवला, नि:शुल्क शौचालय व विद्युत कनेक्शन आदि योजना का लाभ दिया जा रहा है। महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष डॉ. सरोज मिश्रा ने बताया किया कार्यक्रम में प्रधान शशि प्रभा, प्रधानाचार्य मायादेवी ओझा, स्वयं सहायता समूह के लिए कमला देवी, शिक्षिका शिवानी रावत, एनम प्रियंका आनंद, आंगनबाड़ी कार्यकत्री विमला सिंह व कुलेश्वरी गुप्ता, सुपरवाईजर आंगनवाड़ी अरुणा वाजपेई व मधु सिंह, एकल विद्यालय के लिए रागिनी गुप्ता व आशा बहू तारा तिवारी को अवार्ड प्रदान किया गया। इस अवसर पर सुमन पासवान, सीमा सिंह, सीमा यादव, करुणा पाण्डेय, सरिता बंसल आदि मौजूद रहीं।
ये भी पढ़ें - अयोध्या: पैमाइश के लिए घूस लेने में कानूनगो गिरफ्तार
