Auraiya Theft : सोते रहे गृहस्वामी, चोरों ने दो घरों को बनाया निशाना, 16 लाख की नकदी व जेवरात पार
औरैया में चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया।
औरैया के एरवाकटरा थाना क्षेत्र के तकिया गांव में चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर 16 लाख की नकदी व जेवरात पार कर दिये। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की।
औरैया, अमृत विचार। एरवाकटरा थाना क्षेत्र के तकिया गांव में चोरों ने दो घरों से 16 लाख रुपये की नकदी समेत जेवरात पार कर दिये। जब सुबह गृहस्वामी ने घर में सामान बिखरा देखा तो वह सन्न रह गए। घटना की जानकारी होने पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल करते हुए जल्द ही घटना का खुलासा किये जाने का आश्वासन दिया है।
पहली घटना गांव तकिया निवासी शिव कुमार के घर पर हुई। यहां पर चोर किसी तरह घर में घुस गए और कमरे में रखी अलमारी व बक्शे का ताला तोड़ दिया। इसके बाद वह जेवरात चोरी कर ले गए। दो वर्ष पूर्व दोनों लड़कों की शादी हुई थी, उनका जेवर एवं उनके लड़के सोनू के ससुर कृपाल सिंह गांव भोजपुर तहसील बिधूना का भी जेवर रखा था। उनका भी बक्शे का ताला तोड़कर जेवरात चोरी कर ले गए। सोनू व मोनू पुत्र शिवकुमार दिल्ली में प्राइवेट कपंनी में काम करते हैं।
इसके बाद चोर गांव की ही केशकांती के घर में घुस गए और घर में रखी नकदी व जेवरात पार कर दिए। पीड़ित केशकांति ने बताया कि उसने अपने खेत एक वर्ष के लिए फसल पर दिए थे, जिसका रुपये घर में रखा हुआ था। इसके बाद चोरों ने सुरेन्द्र पुत्र मेवाराम के घर में भी चोरी का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे। घटना की जानकारी होने पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई।
सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष जीवाराम ने जांच-पड़ताल की। पीड़ितों ने बताया कि चोरों ने उनके घरों से करीब 16 लाख रुपये के जेवरात व नकदी पार कर दी है। आए दिन हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में रोष है। थानाध्यक्ष जीवाराम ने बताया कि पीड़ितों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
