संभल: पंचायत ने कराया दुष्कर्म पीड़िता का आरोपी से निकाह
आरोपी ने शादी का झांसा देकर किशोरी से किया था दुष्कर्म, किशोरी के भाई के फोन पर दुष्कर्म की वीडियो भेजने पर खुला था भेद, जेल जाने के डर से आरोपी पक्ष ने बुलाई थी पंचायत, पंचों ने सुनाया फैसला
संभल, अमृत विचार। सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव में युवक ने शादी का झांसा देकर किशोरी से दुष्कर्म किया। इसके बाद उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। युवक के बुलाने पर किशोरी उसके पास नहीं गई तो युवक ने वीडियो वायरल कर दिया। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। अब पंचायत ने दोनों का निकाह करा दिया है।
कोतवाली के एक गांव निवासी युवक ने गांव की ही किशोरी को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। इस दौरान उसने अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद वह किशोरी को ब्लैकमेल करने लगा। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कई बार उसका शारीरिक शोषण किया। इससे तंग आकर किशोरी ने युवक की बात मानने से मना कर दिया। इस पर आरोपी ने 16 मार्च को अश्लील वीडियो किशोरी के भाई के फोन पर भेज दिया।
इसके बाद किशोरी के पिता ने युवक के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करा दिया। पुलिस ने आरोपी युवक की तलाश शुरू की। इस बीच युवक पक्ष ने मामले को निपटाने के लिए पंचायत बुला ली। पंचायत ने किशोरी व दुष्कर्म आरोपी युवक का निकाह कराने का फैसला सुनाया। इस पर दोनों का निकाह करा दिया गया। अब युवक के परिजन पुलिस कार्रवाई खत्म कराने की जुगत में लगे हैं। कोतवाली प्रभारी ओमकार सिंह ने बताया कि दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया गया है। पंचायत या निकाह की जानकारी नहीं है।
ये भी पढ़ें:- अवैध संबंध के चलते हुई थी पिता-पुत्र की हत्या, झांसी पुलिस का खुलासा
