बहराइच: राहुल गांधी की सदस्यता खत्म होने पर कांग्रेसियों में रोष, कहा- सरकार बन रही हिटलर... शुरू होगा आंदोलन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बहराइच, अमृत विचार। कांग्रेस नेता राहुल गांधी को सूरत की कोर्ट से सजा मिलने के बाद आज शुक्रवार को उनकी सदस्यता खत्म कर दी गई है। इससे जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में रोष है। सभी ने इस कदम को हिटलर शाही बताते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।

बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक चुनाव प्रचार के दौरान मोदी नाम के लोगों को चोर नाम से संबोधित किया था। इस मामले की सुनवाई गुरुवार को गुजरात की एक कोर्ट ने की। जिसने राहुल गांधी को दोषी करार देते हुए दो वर्ष की सजा सुनाई है।

वहीं शुक्रवार को लोकसभा सचिवालय द्वारा कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की सदस्यता को समाप्त कर दिया गया है। जिसकी सूचना मिलते ही जिले के कांग्रेसियों में रोष व्याप्त है। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आदर्श अग्रवाल ने कहा कि इस तरह का कृत्य करके मोदी सरकार ने यह साबित कर दिया कि यह सरकार हिटलर और मुसोलनी से प्रेरणा लेकर कार्य करती है और यही लोग इनके आदर्श हैं।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य अमरनाथ शुक्ल ने कहा कि राहुल गांधी देश के जनता की आवाज हैं, जिसे कोई नहीं दबा पायेगा। मोदी सरकार राहुल गांधी से डरी हुई है। प्रधानमंत्री पद की गरिमा को अपने कृत्यों से दिन प्रतिदिन मोदी जी गिरा रहे हैं। यह कृत्य देश के लोकतंत्र पर चोट है। जिला सचिव हमजा शाहिद ने कहा है कि जल्द ही प्रदेश स्तर एवं जिले स्तर पर विशाल आंदोलन बौखलाई हुई मोदी सरकार के खिलाफ होगा।

यह भी पढ़ें:-अयोध्या: श्रद्धालुओं को 30 फीट दूर कोली मंडप से करने होंगे रामलला के दर्शन

संबंधित समाचार