कासगंज: शिक्षिका बेटी की गोली मारकर हत्या, फिर शिक्षक ने की खुदकुशी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गृहक्लेश के चलते शनिवार दोहपर को दिया वारदात को अंजाम

कासगंज, अमृत विचार। शहर की आवास विकास कॉलोनी में शनिवार दोपहर प्रवक्त पिता ने शिक्षिका बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी। फिर स्वयं को भी गोली मार ली जिससे उनकी मौत हो गई। घटना का कारण गृहक्लेश बताया जा रहा है। घटना के दौरान घायल हुई शिक्षक की पत्नी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। एसपी ने अस्पताल पहुंच शिक्षक की पत्नी से जानकारी ली है। घटना स्थल का भी निरीक्षण किया है। फोरेंसिक टीम को मौके पर भेजकर नमूने संकलित कराए गए हैं। मौके से लाइसेंसी राइफल बरामद हुई है।

मूल रूप से जिला मैनपुरी के गांव रोरिया निवासी नरेंद्र यादव पुत्र कुशल पाल सिंह यादव शहर की आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर तीन में रहते थे। वह सोरों कोतवाली क्षेत्र के गांव न्यौली में शेरवानी इंटर कॉलेज में भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता थे। उनकी लगभग 26 वर्षीय अविवाहित पुत्र जूही यादव मिर्जापुर के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक थी। शनिवार दोपहर लगभग डेढ़ बजे किसी बात को लेकर पिता पुत्री के बीच गृहक्लेश हो गई।

इस बीच शिक्षक की पत्नी शशि प्रभा ने दोनों को शांत किया। बताया गया कि शिक्षक ने पहले तो पुत्री और पत्नी को पीटा और आवेश में आकर अलमारी रखी राइफल निकाल ली। पहले बेटी के सीने में गोली दाग दी और फिर स्वयं के गले में गोली मार ली। जिससे पिता पुत्री की मौके पर ही मौत हो गई। घटना में शिक्षिका की पत्नी घायल हुई हैं। मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।

एएसपी जितेंद्र दुबे, सीओ सिटी अजीत सिंह चौहान, कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र प्रताप गिरि पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया, जबकि मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं। इधर एसपी सौरभ दीक्षित भी जिला अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने घायल महिला से घटना की जानकारी ली। प्रथम दृष्टिया मामला गृहक्लेश का सामने आया। इधर फोरेंसिक टीम ने मौके से नमूने लिए हैं और साक्ष्य एकत्रित किए हैं। पुलिस ने लाइसेंसी राइफल बरामद कर कब्जे में ले ली है।

गृहक्लेश के चलते शिक्षक पिता ने अपनी शिक्षिका बेटी को पहले गोली मारी और स्वयं को भी गोली मार ली। दोनों की मौत हो गई। शिक्षिका की पत्नी घायल हैं। उनका उपचार जिला अस्पताल में कराया जा रहा है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है---सौरभ दीक्षित, एसपी।

यह भी पढ़ें- कासगंज: मगरमच्छ का ग्रामीण पर हमला, 15 घंटे के रेस्क्यू बाद गंगा से निकाला शव

संबंधित समाचार