Chitrakoot: जब भाजपा सांसद का भड़क गुस्सा बोले, कार्यक्रम BSA का नहीं सरकार का

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चित्रकूट में बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यक्रम में नहीं बुलाने पर भाजपा सांसद का भड़का गुस्सा।

चित्रकूट में बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यक्रम में नहीं बुलाने पर भड़का गुस्सा। भाजपा सांसद बोले, कार्यक्रम बीएसए का नहीं सरकार का।

चित्रकूट, अमृत विचार। भजन संध्या स्थल सीतापुर में प्रदेश सरकार के द्वितीय कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने पर हो रहे कार्यक्रम में भाजपा सांसद आरके पटेल का गुस्सा उस समय भड़क गया, जब उनको पता चला कि बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यक्रम की सूचना जनप्रतिनिधियों को नहीं दी गई। उन्होंने वहां मौजूद सीडीओ अमृतपाल कौर से पूरे मामले का संज्ञान बीएसए पर कार्रवाई करने के निर्देश भी दे दिए।
 
गौरतलब है कि शनिवार को भजन संध्या स्थल में योगी सरकार के छह वर्ष और इस कार्यकाल के एक वर्ष पूरे होने पर  कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसमें सांसद बांदा-चित्रकूट आरके सिंह पटेल मुख्य अतिथि थे। इसके अलावा विधायक मऊ-मानिकपुर अविनाश चंद्र द्विवेदी,  जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव,  भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश खरे आदि जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे। अचानक कार्यक्रम का संचालन कर रहे शिक्षक ने मंच से घोषणा की कि शिक्षक और बच्चे जाएंगे नहीं, अभी बेसिक शिक्षा विभाग का कार्यक्रम होना है। यह सुनकर सांसद नाराज हो गए।
 
उनको इस बात पर नाराजगी थी कि सरकारी कार्यक्रम होने के बाद भी जनप्रतिनिधियों को इसकी सूचना नहीं दी गई। उन्होंने कहा, यह तरीका ठीक नहीं बीएसए का। मैं भर नहीं कह रहा, सभी कह रहे हैं। सूचना सबको होनी चाहिए, हमारा कार्यक्रम है। उन्होंने वहां मौजूद  मुख्य विकास अधिकारी अमृतपाल कौर से इस पूरे मामले का संज्ञान लेने को कहा। सांसद का कहना था कि बीएसए द्वारा किसी भी सरकारी कार्यक्रम की जानकारी नहीं दी जाती। सरकार के कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी होनी चाहिए पर बीएसए ऐसा नहीं करते।
 
बताया जाता है कि गुस्साए सांसद यहां तक कह गए कि तो फिर बीएसए ही चुनाव भी लड़ लें। सांसद का रौद्र रूप देखकर वहां मौजूद अधिकारी और जनप्रतिनिधि सकते में आ गए। बाद में सांसद को कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया गया। उधर, इस दौरान सुशासन, विकास, रोजगार, डबल इंजन की सरकार पुस्तक का विमोचन व लखनऊ के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया गया। सांसद ने प्रेसवार्ता कर जन कल्याणकारी योजनाओं का बखान किया। विभिन्न विभागों की योजनाओं से संबंधित लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र चेक, चाभी का भी वितरण किया गया।

 

संबंधित समाचार