CM Yogi 2.0 : प्रभारी मंत्री बोले- भाजपा की सरकार न होती तो अयोध्या का ऐसा विकास संभव न था

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चार दिवसीय किसान मेला और पांच दिवसीय खेल महोत्सव का हुआ आगाज, जिला योजना समिति की हुई बैठक

अमृत विचार, अयोध्या। प्रदेश सरकार के दूसरे कार्यकाल का पहला वर्ष पूरा होने पर जिले में विभिन्न आयोजन हुए। केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाई गईं। जिला योजना समिति के लिए जारी 400 करोड़ 46 लाख के बजट की समीक्षा की गई। जीआईसी में चार दिवसीय किसान मेला और मकबरा स्टेडियम पर पांच दिवसीय सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ हुआ। सभी विधानसभा क्षेत्रों की विकास पुस्तिका भी विमोचित हुई। जिले के प्रभारी मंत्री प्रदेश के कृषि मंत्री ने कहा कि अयोध्या के समेकित विकास के लिए 35 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम चल रहा है। केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार न होती तो ऐसा हो पाना संभव नहीं था।  
    
सर्किट हाउस सभागार में मुख्यमंत्री का उद्बोधन सुनने के बाद जिले के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि 44 साल बाद देश-प्रदेश की जनता ने भाजपा को सत्ता दी तो पार्टी योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में छह साल से विकास को धरातल पर उतारने में जुटी है। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव के दौरान जन सहयोग से 15 लाख 76 हजार दीप जलने का विश्व रिकॉर्ड बना तो सरकार रामनगरी के ऐतिहासिक-पौराणिक महत्व को संरक्षित और संवर्धित करने में जुटी है। हवाई अड्डा, रामपथ, धर्मपथ, भक्तिपथ, जन्मभूमि पथ के साथ बसखारी फोरलेन मार्ग और रेलवे लाइन के दोहरे करण का कार्य चल रहा है। अयोध्या के वार्डों में विकास के लिए 17.65 करोड़ का बजट, हर घर नल योजना में 598 करोड़, नालों की टैपिंग में 255 लाख, 251 फीट ऊंची श्रीराम की मूर्ति हेतु 10 हजार लाख दिया गया है। जिले में खाद्य औषधि प्रयोगशाला और ड्रग वेयर हाउस का निर्माण कराया जा रहा है। सांसद लल्लू सिंह, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, रामचंद्र यादव, अमित सिंह, प्रथम महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्र, पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश पांडेय बादल, सहकारी बैंक सभापति धर्मेंद्र प्रताप सिंह टिल्लू, जिलाधिकारी नितीश कुमार, सीडीओ अनिता यादव आदि मौजूद रहे। 

 

मंत्री ने कहा-अंतिम छोर तक पहुंचे योजनाओं का लाभ  
 कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला योजना समिति की बैठक को संबोधित करते हुए जिले के प्रभारी तथा प्रदेश के कृषि शिक्षा, कृषि अनुसंधान मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने कहा कि जिला योजना के तहत आवंटित धनराशि का लाभ ग्रामीण क्षेत्र के अन्तिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने सीधे जनता के विकास कार्यों से जुड़े विभागों को कार्रवाई के पूर्व जनप्रतिनिधियों का अनुमोदन हासिल करने की हिदायत दी। बैठक में भाजपा सांसद-विधायक के अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, विधायक गोसाईगंज अभय सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट केके सिंह, परियोजना निदेशक आरपी सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

सांसद खेल महोत्सव का भी किया शुभारंभ 
डॉ. भीमराव आंबेडकर राज्य क्रीड़ा संस्थान मकबरा स्टेडियम में सांसद खेल महोत्सव का उद्घाटन कृषि मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने किया। प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। इस दौरान सांसद लल्लू सिंह भी मौजूद थे। प्रतियोगिताओं में क्रिकेट बालिका वर्ग में एडवांस क्लब ने ओम क्लब को पराजित किया। टीवीसीए ने सुपर क्लब को 6 विकेट से पराजित किया। खोखों बालक वर्ग में पूरे डेलई व अमानीगंज के बीच तथा बालिका वर्ग में अमानीगंज व मसौधा के बीच हुआ। 1500 मीटर दौड़ में राकेश यादव प्रथम, गोलू मौर्या द्वितीय तथा राकेश तृतीय आये। बावन मंदिर के महंत वैदेही वल्लभ शरण, महंत राजूदास, प्रथम महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, सांसद पद्मसेन चौधरी, कबड्डी संघ के प्रदेश अध्यक्ष विकास सिंह आदि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें - बहराइच: ग्रामीणों की शिकायत पर जंगली मंदिर पहुंचे डीएम और एसपी, सफाई का दिया निर्देश

संबंधित समाचार