Chitrakoot: चोरियों से नाराज गल्ला व्यापारियों ने किया कोतवाली का घेराव, सचिव पर लगाया मिलीभगत का आरोप
चित्रकूट में चोरियों से नाराज गल्ला व्यापारियों ने किया कोतवाली का घेराव।
चित्रकूट में चोरियों से नाराज गल्ला व्यापारियों ने कोतवाली का घेराव किया। व्यापारियों ने सचिव और सुरक्षाकर्मियों पर मिलीभगत का आरोप लगाया।
चित्रकूट, अमृत विचार। गल्ला मंडी परिसर में बीस दिन के अंदर दूसरी बार चोरी की वारदात हो गई। इससे आक्रोशित गल्ला व्यापारियों ने शनिवार को कोतवाली का घेराव कर दिया। इन्होंने आशंका जताई कि चोरी की वारदातों में सचिव और सुरक्षाकर्मियों की मिलीभगत है।
गल्ला व्यापारियों रामजी गुप्ता, राजीव अग्रवाल, श्यामलाल, रामनारायण गुप्ता, सीताराम, अजय सिंह, कुबेर सिंह, जीतनारायण चंदेल, मनोज कुमार केशरवानी, बसंती केशरवानी, रज्जन गुप्ता, राजकुमार अग्रहरि आदि भारी संख्या में शनिवार को कोतवाली पहुंचे। यहां बीस दिन के अंदर दूसरी बार चोरी होने पर जमकर आक्रोश जताया। इनका कहना था कि गल्ला मंडी में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता न होने से लगातार वारदातें हो रही हैं।
बताया कि सात मार्च की रात कई दुकानों के ताले तोड़े गए व कई ताले तोड़ने का प्रयास किया गया। 24 मार्च की फिर से चार- पांच दुकानों के ताले तोड़े गए। एक दुकान से चोर 60 बोरी अनाज तथा दूसरी दुकान से हजारों रुपये ले गए। व्यापारियों का कहना था कि मंडी प्रांगण में समिति की ओर से प्रकाश की व्यवस्था धड़ाम हो चुकी है। कई बार मंडी प्रशासन एवं उच्चाधिकारियों को अवगत कराने के बाद भी सुधार नहीं हो पाया।
पिछली चोरी के बाद सचिव ने आश्वस्त भी कराया था कि 25 मार्च तक पूरी तरह से विद्युत एवं सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करा दी जाएगी पर ऐसा हुआ नहीं। व्यापारियों ने आशंका जताई कि इसमें सचिव और सुरक्षाकर्मियों की मिलीभगत है। व्यापारियों ने कोतवाली प्रभारी को शिकायती पत्र देकर एफआईआर दर्ज कर चोरी का खुलासा करने की मांग की।
