रामपुर : अलगाववादी संगठन वारिस पंजाब दे के प्रमुख की तलाश में जुटा खुफिया तंत्र

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृतपाल के समर्थन में बिलासपुर में लगाए गए थे पोस्टर, 26 मार्च को शाम 4 बजे पुरानी मंडी से रैली निकालने का किया था आह्वान, अमृतपाल सिंह के उत्तराखंड के रास्ते नेपाल निकलने की आशंका

रामपुर, अमृत विचार। अलगाववादी संगठन वारिस पंजाब दे के प्रमुख अमृतपाल और अमृतपाल के समर्थकों की तलाश में खुफिया तंत्र जुट गया है। अमृतपाल के बिलासपुर वाया उत्तराखंड होते हुए नेपाल देश पहुंचने के भी कयास लगाए जा रहे हैं। अमृतपाल और उसके समर्थकों की तलाश में केंद्र और राज्य सरकार की एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। इसके अलावा एसटीएफ भी पोस्टर चस्पा करने वालों और उसके छापेखाने की खोजबीन में जुट गई है। अमृतपाल की तलाश पंजाब पुलिस द्वारा भी की जा रही है अमृतपाल जहां-जहां ठहरा उन लोगों को पंजाब पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। 

 तहसील बिलासपुर के मोहल्ला पंजाबी कालोनी स्थित नगर पालिका कांप्लेक्स, शिव बाग मंडी और मोहल्ला लक्ष्मी सहित कई जगहों पर अमृतपाल सिंह के समर्थकों ने पोस्टर चस्पा कर दिए। पोस्टर में 26 मार्च को शाम 4 बजे पुरानी मंडी से रैली निकालने का आह्वान किया है। हालांकि, मौके पर पहुंचे डीआईजी मुरादाबाद परिक्षेत्र शलभ माथुर और एसपी अशोक कुमार शुक्ला ने पैदल मार्च निकालकर लोगों से अफवाह बताया। खालिस्तान के मामले को फिर हवा देने के मामले में पंजाब पुलिस को अमृतपाल की तलाश है। पुलिस का दबाव बढ़ने पर 20 मार्च को अमृतपाल सिंह ने पंजाब छोड़ दिया और फरार हो गया। 23 मार्च की रात तहसील बिलासपुर के कई मोहल्लों में अमृतपाल सिंह के समर्थन में 26 मार्च की शाम को 4 बजे पुरानी मंडी से रैली निकालने का आह्वान पोस्टरों में किया गया था। यह खबर जैसे ही स्थानीय पुलिस को मिली मौके पर कोतवाल नवाब सिंह पहुंच गए और पोस्टरों को हटवाया। सूचना पाकर डीआईजी मुरादाबाद क्षेत्र शलभ माथुर और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार शुक्ला पहुंच गए। अब पोस्टर चस्पा करने वालों की तलाश में खुफिया एजेंसियां जुट गई हैं। 

अमृतपाल के समर्थकों पर नजर 
बिलासपुर जोकि, तराई क्षेत्र में मिनी पंजाब के नाम से जाना जाता है। वर्ष 1980 में खालिस्तान आंदोलन के दौर में काफी चर्चा में रहा था। भिंडरवाला के नक्शे कदम पर चलने वाले अमृतपाल सिंह के खालिस्तान को लेकर एक बार फिर सक्रिय हो जाने पर खुफिया एजेंसियों की नजरें अमृतपाल के समर्थकों पर टिक गई हैं। पंजाब में खालिस्तान की हलचल बढ़ने पर बिलासपुर में भी पोस्टर चस्पा कर अमृतपाल सिंह को समर्थन दिए जाने की अपील की गई है। 

सीओ के नेतृत्व में बिलासपुर पुलिस ने निकाला पैदल मार्च
बिलासपुर। शनिवार शाम को पुलिस ने पुलिस क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में नगर के मुख्य मार्गों पर फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च कोतवाली से शुरू होकर रामपुर रोड, डाकघर रोड, शिव बाग मण्डी, माटखेड़ा रोड, मुख्य चौराहा व मुख्य बाजार से होकर निकाला गया। इस दौरान लोगों से शांति व्यवस्था बनाये रखने की अपील भी की गई। साथ ही लोगों से किसी अफवाह पर ध्यान न देने को भी कहा गया। 

बीते गुरुवार को कोतवाली क्षेत्र में अलगाववादी संगठन वारिस पंजाब दे के प्रमुख अमृतपाल के समर्थन में रैली निकलने को लेकर पोस्टर लगाये जाने के बाद पुलिस अलर्ट मोड़ पर है। इसी को लेकर बीते शुक्रवार को मुरादाबाद परिक्षेत्र के डीआईजी सलभ माथुर ने कोतवाली पहुंच पुलिस अधिकारियों की बैठक ली थी। जिसमें उन्होंने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए थे। उन्होंने बैठक के बाद नगर में पैदल मार्च कर नगर के सभ्रांत व्यक्तियों से भी पोस्टर मामले को लेकर वार्ता की थी। हालांकि पुलिस मामले की जांच में जुटी है और कुछ लोगों की शक के आधार पर हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ भी की गई है।

 पंजाब पुलिस द्वारा ‘वारिस पंजाब दे’ के प्रमुख अमृतपाल सिंह के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर और गैर-जमानती वारंट जारी किये जाने के बाद पुलिस भी अलर्ट मोड़ पर है। पंजाब पुलिस ने यह भी आशंका जाहिर की थी कि अमृतपाल गिरफ्तारी से बचने के लिए नेपाल भाग सकता है। जिसके बाद कोतवाली क्षेत्र की रूद्र-बिलास चौकी क्षेत्र में पुलिस लगातार संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही है। पुलिस ऐसे लोगों को भी चिन्हित कर रही है जो अमृतपाल के सोशल मीडिया ग्रुप वारिस पंजाब दे पर एक्टिव है या लाइक और कमेंट कर रहे हैं। पुलिस क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए यह मार्च निकाला गया है। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत कानून व्यवस्था का पालन कराना ही हमारा लक्ष्य है। किसी प्रकार की गड़बड़ी करने वाले आसमाजिक तत्वों को नगर का माहौल बिगड़ने की छूट नहीं दी जायेगी। किसी प्रकार समाज विरोधी गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें:- रामपुर : मछली बनाने से मना करने पर पत्नी से मारपीट, पति गिरफ्तार

संबंधित समाचार