कांग्रेस का 'संकल्प सत्याग्रह’ : प्रियंका बोलीं- मेरे शहीद पिता के अपमान पर तो आपको कोई संसद से नहीं निकालता... आखिर क्यों ?

कांग्रेस का 'संकल्प सत्याग्रह’ : प्रियंका बोलीं- मेरे शहीद पिता के अपमान पर तो आपको कोई संसद से नहीं निकालता... आखिर क्यों ?

नई दिल्ली। कांग्रेस ने राहुल गांधी को लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहराए जाने के बाद उनके समर्थन में रविवार को दिल्ली के राजघाट पर एकदिवसीय संकल्प सत्याग्रह शुरू किया। कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, वरिष्ठ नेता के सी वेणुगोपाल, पी चिदंबरम और सलमान खुर्शीद समेत कई नेता राजघाट पर सत्याग्रह में शामिल हुए।

धरना स्थल पर जयराम रमेश, मुकुल वासनिक, पवन कुमार बंसल, शक्तिसिंह गोहिल, ज्योतिमणि, प्रतिभा सिंह और मनीष चतरथ भी मौजूद रहे। पुलिस ने राजघाट पर सत्याग्रह की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। इसके बावजूद पार्टी के कई नेताओं ने प्रदर्शन में भाग लिया और परिसर के बाहर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एकत्र हुए। दिल्ली पुलिस ने एक पत्र में कहा कि कानून-व्यवस्था एवं यातायात संबंधी कारणों से सत्याग्रह करने के अनुरोध को खारिज किया गया और राजघाट में एवं इसके आसपास दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है। 

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सत्याग्रह की अनुमति नहीं दी गई है और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली पुलिस के इस कदम का जवाब देते हुए वेणुगोपाल ने ट्वीट किया, संसद में हमें चुप कराने के बाद सरकार ने हमें बापू (महात्मा गांधी) की समाधि पर शांतिपूर्ण सत्याग्रह करने की अनुमति देने से भी इनकार कर दिया है।

उन्होंने कहा, विपक्ष के किसी विरोध प्रदर्शन के लिए मंजूरी नहीं देना (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी सरकार की आदत बन गई है। इससे हम रुकेंगे नहीं। सत्य के लिए, अत्याचार के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी है। कांग्रेस ने राजघाट के बाहर एक मंच बनाया है और वह मानहानि से जुड़े 2019 के एक मामले में राहुल गांधी को दोषी ठहराए जाने एवं उसके बाद लोकसभा से अयोग्य ठहराए जाने के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है।

इससे पहले, कांग्रेस ने पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहराए जाने के विरोध में रविवार को सभी राज्यों और जिला मुख्यालयों में महात्मा गांधी की प्रतिमाओं के सामने एकदिवसीय सत्याग्रह करने की घोषणा की थी। केरल की वायनाड सीट से लोकसभा सदस्य राहुल गांधी को सूरत की एक अदालत द्वारा 2019 के मानहानि के एक मामले में दो साल जेल की सजा सुनाये जाने के मद्देनजर शुक्रवार को लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहरा दिया गया। लोकसभा सचिवालय की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि अयोग्यता संबंधी आदेश 23 मार्च से प्रभावी होगा। उल्लेखनीय है कि सूरत की एक अदालत ने यह फैसला मोदी उपनाम संबंधी टिप्पणी को लेकर दिया था।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने क्या कहा? 
संकल्प सत्याग्रह' में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, राहुल गांधी जी इस देश की जनता के लिए, आपके लिए, महिलाओं के लिए, युवाओं के लिए लड़ रहे हैं। बेरोजगारी और महंगाई के खिलाफ लड़ रहे हैं। BJP सरकार और मोदी जी हमें कमजोर समझ रहे हैं। अगर कोई व्यक्ति अहंकार से हमें कुचलने का प्रयास करेगा तो हम उसे मुंहतोड़ जवाब देंगे। लोकतंत्र की हिफ़ाज़त, संविधान की रक्षा और जनता के हक़ों के लिये कांग्रेस पार्टी लड़ती रहेगी। हमें अगर कोई सताने की, सत्य बोलने से रोकने की कोशिश करता है तो देश, लोकतंत्र, बोलने की आज़ादी को बचाने के लिए हम लड़ते रहेंगे। राहुल गांधी इस देश की जनता के लिए लड़ रहे हैं लेकिन राहुल गांधी पर केस किया गया। राहुल गांधी ने जब इस मुद्दे को उठाया तो उन्हें दबाने के लिए ये(BJP) मानहानि के केस का तमाशा कर रहे हैं।...ये एक साजिश है जिसके खिलाफ राहुल गांधी लड़ रहे हैं। पूरी कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी है।

क्या कहा प्रियंका गांधी ने ?
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि सत्य की ताक़त है, सत्याग्रह का संकल्प है। भाजपा की लूट को बेनकाब करने के लिए, लोकतंत्र की रक्षा के दृढ़ निश्चय के साथ भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता श्री राहुल गांधी जी के साथ है। मेरे शहीद पिता का अपमान संसद में किया जाता है। शहीद के बेटे का अपमान किया जाता है उन्हें मीर जाफर कहा जाता है। मेरी मां का अपमान किया जाता है।



प्रियंका गांधी ने कहा कि, आपके मंत्री कहते हैं कि इनके पिता कौन हैं? आपके प्रधानमंत्री गांधी परिवार के लिए कहते हैं कि ये नेहरू उपनाम का इस्तेमाल क्यों नहीं करते? आप पर तो कोई केस नहीं होता, आपकी सदस्यता रद्द नहीं होती। आप परिवारवादी कहते हैं तो भगवान राम कौन थे? क्या वो परिवारवादी थे? क्या पांडव परिवारवादी थे? और हमें क्या शर्म आनी चाहिए कि हमारे परिवार के सदस्य इस देश के लिए शहीद हुए?

ये भी पढ़ें : राहुल गांधी को लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहराए जाने के खिलाफ कांग्रेस का देशव्यापी संकल्प सत्याग्रह